सुपेला संडे मार्केट पर निगम–पुलिस की सख्ती, सड़क पर अतिक्रमण हटाया
बार-बार चेतावनी के बावजूद नहीं माने दुकानदार, अब जुर्माने की चेतावनी
भिलाई। दरअसल, भिलाई के सुपेला क्षेत्र में हर रविवार को लगने वाला संडे मार्केट लंबे समय से नगर निगम के लिए सिरदर्द बना हुआ है। यह बाजार पूरी तरह सड़क के बीचोंबीच अतिक्रमण कर लगाया जाता है, जिससे क्षेत्र में भारी अव्यवस्था और जाम की स्थिति बन जाती है।
नगर निगम द्वारा समय-समय पर दुकानदारों को नोटिस जारी कर सड़क से हटने की चेतावनी दी जाती रही है। कार्रवाई की आशंका होते ही व्यापारी अस्थायी रूप से दुकानें हटा लेते हैं, लेकिन कुछ समय बाद फिर से सड़क पर कब्जा कर व्यापार शुरू कर देते हैं।
रविवार को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम प्रशासन और पुलिस विभाग की टीम सुबह से ही सक्रिय हो गई। अतिक्रमण कर लगाए गए ठेले और दुकानों को हटवाया गया तथा दुकानदारों को सख्त समझाइश दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क के दोनों ओर की गई पेंट मार्किंग के भीतर ही दुकानें लगाई जा सकती हैं, इसके बाहर अतिक्रमण मिलने पर दोबारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निगम प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से भारी जुर्माना वसूला जाएगा।
गौरतलब है कि सुपेला चौक भिलाई का प्रमुख मार्ग है, जो गदा चौक होते हुए अवंतीबाई चौक और वैशाली नगर क्षेत्र को जोड़ता है। संडे मार्केट के कारण इस मार्ग पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है। कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि एंबुलेंस तक को निकलने में परेशानी होती है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
निगम प्रशासन का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
suntimes 