फूलों की रंगोली और पारंपरिक व्यंजनों के साथ भिलाई में ओणम उत्सव ...
- नायर समाजम में महिलाओं की रंगोली प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम
- केले के पत्तों पर परोसे गए दर्जन भर से अधिक पारंपरिक व्यंजन
- पूर्व विधायक अरुण वोरा सहित कई जनप्रतिनिधि रहे शामिल
ओणम पर्व से पहले रविवार को भिलाई नायर समाजम में सामूहिक रूप से ओणम का उत्सव मनाया गया। फूलों की रंगोली, पारंपरिक व्यंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच समाज के लोग राजा महाबलि के स्वागत की परंपरा में शामिल हुए।
भिलाई (सन टाइम्स)। भिलाई नायर समाजम में रविवार को ओणम उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने फूलों की आकर्षक रंगोलियां सजाईं और उनके लिए प्रतियोगिता भी रखी गई। कार्यक्रम में समाज के बच्चों और युवाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, भोज में केले के पत्तों पर परोसे गए केरल के दर्जन भर से अधिक पारंपरिक व्यंजनों ने सभी का मन मोह लिया।
पूर्व विधायक अरुण वोरा, एमएससी सदस्य सीजी एंथोनी सहित कई जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए। समाज की परंपरा के अनुसार ओणम पर्व से पहले आने वाले रविवार को सामूहिक रूप से यह आयोजन किया जाता है।
ओणम का पर्व 5 सितंबर को मनाया जाएगा। मान्यता है कि मलयाली कैलेंडर के पहले महीने चिंगम में राजा महाबलि अपनी प्रजा से मिलने धरती पर आते हैं। इसी स्वागत के लिए हर घर में फूलों की रंगोली सजाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु ने वामन अवतार में तीन पग भूमि दान में मांगी थी। तीसरे पग पर अपना सिर अर्पित करने के बाद महाबलि पाताल में चले गए, लेकिन अपनी प्रजा से प्रेम के कारण उन्होंने साल में एक बार मिलने का वरदान लिया। इसी स्मृति में ओणम पर्व मनाया जाता है।
suntimes 