सेंसेक्स में 400 अंक की फिसलन: निफ्टी भी दिन के उच्च स्तर से 130 अंक नीचे आया
ग्लोबल मार्केट के दबाव, FIIs की लगातार बिकवाली और बैंकिंग शेयरों में कमजोरी से भारतीय बाजार पर असर
मुंबई (ए)। बुधवार को शेयर बाजार ने कारोबारी सत्र की शुरुआत मजबूती के साथ की थी। सेंसेक्स ने 85,020 और निफ्टी ने 25,947 का दिन का उच्च स्तर छुआ, लेकिन थोड़ी ही देर में दोनों इंडेक्स दबाव में आ गए। सेंसेक्स 84,600 और निफ्टी 25,800 के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। सेंसेक्स के 30 में से 15 शेयर हरे निशान में और 15 लाल निशान में हैं।
जोमैटो के शेयर में सबसे अधिक 2% की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि PSU बैंक सेक्टर में सबसे ज्यादा कमजोरी देखी जा रही है।
ग्लोबल मार्केट से कमजोर संकेत
एशियाई बाजारों में मिश्रित रुझान देखने को मिले। जापान का निक्केई 0.41% फिसलकर 50,448 पर और हांगकांग का हैंगसेंग 0.33% गिरकर 25,350 पर आ गया। चीन का शंघाई कंपोजिट भी 0.72% टूटकर 3,881 पर पहुंचा।
अमेरिकी बाजारों में भी उतार-चढ़ाव रहा। डाउ जोन्स 0.38% गिरा, जबकि नैस्डेक हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ। S&P 500 में मामूली गिरावट रही। वैश्विक कमजोरी का सीधा असर भारतीय बाजार पर दिखा।
FIIs की बड़ी बिकवाली, DIIs का मजबूत सपोर्ट
पिछले 7 कारोबारी दिनों में विदेशी निवेशकों ने कैश मार्केट में ₹13,953 करोड़ की भारी बिकवाली की है।
सिर्फ 9 दिसंबर को ही FIIs ने ₹2,971 करोड़ के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू निवेशकों का भरोसा बाजार को टिकाए हुए है—DIIs ने इसी दिन ₹5,346 करोड़ की खरीदारी की।
नवंबर में भी FIIs ने ₹17,500 करोड़ की बिकवाली और DIIs ने ₹77,083 करोड़ की जमकर खरीदारी की थी।
कल भी बाजार दबाव में रहा था
मंगलवार को सेंसेक्स 436 अंक टूटकर 84,666 पर और निफ्टी 121 अंक गिरकर 25,840 पर बंद हुआ था।
सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयर लाल निशान में रहे। एशियन पेंट्स 4% तक टूटा और IT सेक्टर में 1.19% की गिरावट दर्ज की गई।
suntimes 