नगर निगम कर्मचारी की गला रेतकर हत्या, मैदान में पड़ा मिला शव, इलाके में दहशत

भिलाई-3 क्षेत्र में युवक की नृशंस हत्या, शव के पास मिले खून के नमूने; हत्या के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस

नगर निगम कर्मचारी की गला रेतकर हत्या, मैदान में पड़ा मिला शव, इलाके में दहशत

दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया। नगर निगम में कार्यरत सफाईकर्मी का शव श्रीराम परिसर के पीछे एक सुनसान मैदान में खून से सना पड़ा मिला। युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

दुर्ग। भिलाई-3 थाना क्षेत्र के श्रीराम परिसर के पीछे एक सुनसान मैदान में गुरुवार सुबह नगर निगम कर्मचारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान थिलेश मारकंडे के रूप में हुई है, जो नगर निगम में सफाईकर्मी के पद पर पदस्थ था। शव खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तुरंत जांच शुरू की।

घटना की जानकारी मिलते ही सीएसपी छावनी हरीश पाटिल, क्राइम डीएसपी अजय सिंह और थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की सूक्ष्मता से जांच की। मैदान से खून के धब्बों और अन्य अहम साक्ष्यों को इकट्ठा किया गया।

परिजनों के अनुसार, थिलेश दो दिन से घर में बेचैन था और बुधवार रात बिना कपड़ों के ही घर से निकल गया था। रातभर उसकी तलाश जारी रही, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। अंततः सुबह उसका शव मिलने की सूचना से परिजन स्तब्ध रह गए।

सीएसपी पाटिल ने बताया कि हत्या की जांच को प्राथमिकता पर लिया गया है। तकनीकी और फॉरेंसिक टीमों की मदद से जांच की जा रही है। फिलहाल पारिवारिक विवाद, निजी रंजिश सहित हर संभावित एंगल पर ध्यान दिया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है।

घटना से क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।