बिलासपुर में सरकारी जमीन और अरपा नदी में अवैध खनन का आरोप, विरोध के बाद वाहन छोड़कर भागे चालक

बिनौरी में मुरूम की खुदाई और कोटा में रेत निकालने की शिकायत, ग्रामीणों ने कलेक्टर व खनिज विभाग से कार्रवाई नहीं होने पर जताई नाराजगी

बिलासपुर में सरकारी जमीन और अरपा नदी में अवैध खनन का आरोप, विरोध के बाद वाहन छोड़कर भागे चालक

बिलासपुर। जिले में मुरूम और रेत के अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। तखतपुर ब्लॉक के ग्राम बिनौरी में सरकारी जमीन से मुरूम निकालने तथा कोटा क्षेत्र में अरपा नदी से रेत का अवैध उत्खनन किए जाने की शिकायत स्थानीय लोगों ने की है। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने पहुंचे लोगों को देखकर उत्खनन में लगे चालक और कर्मचारी हाईवा व जेसीबी मशीन मौके पर छोड़कर भाग निकले। मामले की शिकायत कलेक्टर और खनिज विभाग तक पहुंचाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

बिनौरी में पंचायत की जमीन से मुरूम निकालने का आरोप

स्थानीय लोगों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि तखतपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत बिनौरी में सरपंच पति और सचिव की कथित मिलीभगत से सरकारी जमीन पर मुरूम की खुदाई की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत की अनुमति के बिना जमीन से खनिज संपदा निकाली जा रही है। निकाले गए मुरूम का उपयोग निजी और व्यावसायिक कार्यों में किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

दो हाईवा और जेसीबी छोड़कर फरार हुए चालक

ग्रामीणों के मुताबिक, अवैध उत्खनन की जानकारी मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद चालक और मजदूर मशीनें व वाहन छोड़कर भाग गए। घटनास्थल पर दो भारी वाहन क्रमांक CG 10 AU 5589 और CG 10 F 5289 तथा एक जेसीबी मशीन खड़ी मिली। स्थानीय लोगों ने मौके का वीडियो भी बनाया है, जिसमें सरकारी जमीन पर जेसीबी से खुदाई कर मुरूम निकालने का दृश्य दिखाई देने का दावा किया गया है।

कलेक्टर से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का दावा

ग्रामीणों ने बताया कि मामले की जानकारी कलेक्टर संजय अग्रवाल, खनिज विभाग, तखतपुर एसडीएम और सकरी थाना प्रभारी को दी गई है। इसके बावजूद अब तक संबंधित स्थल पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल उत्खनन बंद कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

कोटा में अरपा नदी से रेत निकालने की शिकायत

इसी तरह कोटा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में अरपा नदी से बड़े पैमाने पर रेत निकालने की शिकायत भी सामने आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजनीतिक संरक्षण और खनिज विभाग के कुछ अधिकारियों की कथित मिलीभगत से रेत का उत्खनन एवं परिवहन किया जा रहा है। शिकायत में कांग्रेस नेताओं के संरक्षण का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।