बेमेतरा सड़क हादसे में 5 महिला 3 बच्चों की मौत, दो दर्जन घायल.... छठी कार्यक्रम से लौट रही तेज रफ्तार बोलेरो खड़ी माजदा से जा टकराईं

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में बीती रात भीषण सड़क हादसे में 5 महिला और तीन बच्चों सहित 8 लोगों की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब छठी के कार्यक्रम से बोलेरो सवार लोग लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी माजदा से टकरा गई। घटना कठिया पेट्रोल पम्प के पास की है। इस हादसे में करीब 23 लोगों के घायल होने की खबर है, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है।
आपको बता दें कि पथर्रा गांव से बोलेरो में सवार होकर छठी कार्यक्रम में तिरिया गए थे। बताया जा रहा है कि मालवाहक बोलेरो में महिला बच्चे सहित 30 से 40 लोग सवार थे। छठी कार्यक्रम के बाद सभी रविवार को रात वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कठिया गांव के पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी माजदा से बोलेरो टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटना स्थल पर अफरातफरी मच गई। यह दुर्घटना रविवार देर रात कठिया गांव के पास हुई। हादसे में मरने वालों में भूरी निषाद (50 वर्ष), नीरा साहू (55 वर्ष), गीता साहू (60 वर्ष), अगनिया साहू (60 वर्ष), खुशबू साहू (39 वर्ष), मधु साहू (5 वर्ष), रिकेश निषाद (6 वर्ष) और ट्विंकल निषाद (6 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं इस हादसे में घायल 23 लोगों को दो अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को एम्स रायपुर ले जाया गया। बाकी घायलों का इलाज जिला अस्पताल बेमेतरा में चल रहा है। हादसे की सूचना के बाद भाजपा विधायक दीपेश साहू ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम मृतकों के परिजनों के साथ हैं। प्रशासन हरसंभव मदद करने की कोशिश कर रहा है।