U-19 में साथ दिखेंगे सहवाग-द्रविड़ के बेटे: आर्यवीर की पहली बार टीम इंडिया में एंट्री, अन्वय भी ऑस्ट्रेलिया सीरीज में चुने गए
तीन वनडे राजकोट में होंगे; आर्यवीर ने कूच बिहार ट्रॉफी में 297 रन ठोके थे, अन्वय श्रीलंका में बना चुके हैं 87 रन
नई दिल्ली (ए)। भारतीय क्रिकेट के दो चर्चित परिवारों की अगली पीढ़ी अब मैदान पर साथ नजर आएगी। वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली भारत की U-19 वनडे सीरीज के लिए चुना गया है। आर्यवीर के लिए यह पहला मौका है, जब उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिली है। दोनों सितंबर में राजकोट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल सकते हैं।
दिल्ली प्रीमियर लीग में दिखा रहे दम
आर्यवीर दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और फिलहाल दिल्ली प्रीमियर लीग में वेस्ट दिल्ली लायंस का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने 2024 में कूच बिहार ट्रॉफी के दौरान मेघालय के खिलाफ 297 रन की बड़ी पारी खेलकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था।
अन्वय विकेटकीपिंग के साथ बल्लेबाजी में भी असरदार
अन्वय द्रविड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। श्रीलंका दौरे पर भारत की U-19 टीम के लिए खेलते हुए उन्होंने 87 रन की पारी खेली थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में अब उन्हें अपनी जगह मजबूत करने का मौका मिलेगा।
कप्तानी लक्ष्य के हाथों
तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए लक्ष्य रायचंदानी को कप्तान और यशवर्धन चौहान को उपकप्तान बनाया गया है। तीनों मुकाबले राजकोट में सुबह 9 बजे से खेले जाएंगे।
मल्टी-डे मुकाबलों के लिए अलग टीम
भारत को वनडे सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मल्टी-डे मैच भी खेलने हैं। इनके लिए यशवर्धन चौहान कप्तान और लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान होंगे। पहला मुकाबला 27-30 सितंबर तक राजकोट और दूसरा 5-8 अक्टूबर तक अहमदाबाद में होगा। खास बात यह है कि आर्यवीर और अन्वय दोनों को मल्टी-डे टीम में शामिल नहीं किया गया है।
suntimes 