भाई की डांट से आहत 10 साल की बच्ची ने उठाया खौफनाक कदम, जामुल में मातम
घर में अकेली थी चौथी कक्षा की छात्रा, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम जामुल पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
जामुल थाना क्षेत्र में एक 10 वर्षीय बच्ची द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की दुखद घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बाद आहत बच्ची ने घर में ही फांसी लगा ली, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के गणेश नगर वार्ड-5 में एक मासूम बच्ची द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार शाम को हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 वर्षीय गुरप्रीत कौर का अपने बड़े भाई के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि भाई की डांट से वह काफी आहत हो गई और इसी के बाद उसने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली।
घटना के समय घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था। बच्ची के पिता पेशे से ड्राइवर हैं और मां घर से बाहर गई हुई थीं। कुछ देर बाद घर में हलचल न होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर बच्ची को फंदे पर लटका देख सभी के होश उड़ गए।
परिजन और पड़ोसियों की मदद से बच्ची को तत्काल भिलाई स्थित बीएम शाह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत बच्ची स्थानीय स्वामी आत्मानंद स्कूल, जामुल में चौथी कक्षा की छात्रा थी। शुक्रवार को गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
suntimes 