भिलाई अपने जन्मदिन पर कहेगा ‘थैंक्यू भिलाई’, 2 फरवरी को पायनियर मॉन्यूमेंट में भव्य आयोजन

शपथ फाउंडेशन का आठवां ‘थैंक्यू भिलाई’, सद्भावना दौड़, नवरत्न सम्मान, हैरिटेज टॉक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण

भिलाई अपने जन्मदिन पर कहेगा ‘थैंक्यू भिलाई’, 2 फरवरी को पायनियर मॉन्यूमेंट में भव्य आयोजन

भिलाई शहर के गठन से जुड़ी ऐतिहासिक तिथि 2 फरवरी को एक बार फिर शहरवासी मिलकर अपनी कर्मभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करेंगे। शपथ फाउंडेशन के तत्वावधान में पायनियर मॉन्यूमेंट, सिविक सेंटर में आयोजित होने वाले ‘थैंक्यू भिलाई’ कार्यक्रम में नागरिक सहभागिता, सांस्कृतिक चेतना और शहर की विरासत को सम्मान देने का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

भिलाई। शहर की पहचान, संस्कृति और औद्योगिक विरासत को समर्पित बहुप्रतीक्षित ‘थैंक्यू भिलाई’ आयोजन आगामी 2 फरवरी (सोमवार) को शाम 4 बजे से पायनियर मॉन्यूमेंट, सिविक सेंटर में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन शपथ फाउंडेशन द्वारा लगातार आठवें वर्ष आयोजित किया जा रहा है।

शपथ फाउंडेशन के अनुसार, 2 फरवरी 1955 को भारत और तत्कालीन सोवियत संघ के बीच हुए ऐतिहासिक समझौते के बाद भिलाई इस्पात संयंत्र की स्थापना हुई, जिसने एक सुनियोजित औद्योगिक शहर के रूप में भिलाई को नई पहचान दी। इसी ऐतिहासिक दिन को स्मरण करते हुए हर वर्ष शहर के प्रति आभार प्रकट करने के उद्देश्य से ‘थैंक्यू भिलाई’ कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत रूप से सद्भावना दौड़ से होगी, जिसमें बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक की सहभागिता रहेगी। इसके बाद भिलाई में जन्मे, पले-बढ़े और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों के माध्यम से शहर का नाम रोशन करने वाली विशिष्ट हस्तियों की उपस्थिति में गुब्बारे उड़ाकर सामूहिक रूप से ‘थैंक्यू भिलाई’ कहा जाएगा।

इस अवसर पर शिक्षा, समाजसेवा, कला, संस्कृति, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 9 विशिष्ट नागरिकों को ‘नवरत्न सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा। साथ ही शहर के विकास और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा तथा कुछ संगठनों व प्रतिनिधियों को विशिष्ट सेवा सम्मान प्रदान किया जाएगा। आयोजन में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

हैरिटेज टॉक बनेगी खास पहचान

इस वर्ष ‘थैंक्यू भिलाई’ आयोजन में एक नई पहल के तहत हैरिटेज टॉक की शुरुआत की जा रही है। इस सत्र में भिलाई के इतिहास, इस्पात संयंत्र, पायनियर मॉन्यूमेंट, शहर की संस्कृति और विरासत से जुड़े प्रश्न–उत्तर आयोजित किए जाएंगे।

सटीक और प्रभावशाली उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को मंच पर ही सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। यह सत्र नागरिकों को अपने शहर की जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।

सामूहिक उद्घोष और शहरव्यापी उत्साह

आयोजन में सर्वधर्म प्रतिनिधियों की उपस्थिति में नागरिक सामूहिक रूप से ‘थैंक्यू भिलाई’ का उद्घोष करेंगे। शपथ फाउंडेशन के अनुसार, आयोजन को लेकर शहरभर में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो संदेश साझा कर अपने शहर के प्रति आभार जता रहे हैं।

फाउंडेशन ने 2 फरवरी को पायनियर मॉन्यूमेंट पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।