भिलाई के मारुति शोरूम में हंगामा: महिला कर्मचारी ने GM पर फेंकी स्याही, थप्पड़ और लात से किया हमला
छेड़छाड़ और अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में FIR दर्ज, पुलिस जांच के दौरान हुआ विवाद; VIDEO वायरल
दुर्ग-भिलाई। Maruti Suzuki के शोरूम में महिला कर्मचारी और जीएम के बीच विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। Chauhan Automobiles में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला कर्मचारी शोरूम के जीएम अंकित आनंद पर स्याही फेंकते और मारपीट करते दिखाई दे रही है। महिला ने जीएम पर अश्लील संदेश भेजने, गलत तरीके से बातचीत करने और छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार महिला कर्मचारी ने पहले ही Bhilai Nagar थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसी मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस टीम जीएम अंकित आनंद को लेकर शोरूम पहुंची थी। इसी दौरान महिला का गुस्सा फूट पड़ा और उसने कार्यालय परिसर में ही जीएम पर स्याही फेंक दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्याही फेंकने के बाद महिला सीधे जीएम के पास पहुंची और थप्पड़ मारते हुए लात से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी बीच-बचाव करते नजर आए, लेकिन महिला लगातार विरोध जताती रही। घटना के दौरान वहां महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी, जिसके कारण पुलिसकर्मी केवल समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास करते रहे।
घटना के समय शोरूम में अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। वायरल वीडियो में जीएम खुद को बचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि शोरूम की अन्य महिला कर्मचारियों ने भी जीएम के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई है और कुछ ने शिकायत करने की बात कही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अंकित आनंद के खिलाफ छेड़छाड़ समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस अन्य महिला कर्मचारियों के बयान भी दर्ज करेगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
suntimes 