स्मार्ट मीटर के बढ़े बिलों से जनता परेशान, वोरा के सामने महिलाओं ने जताया आक्रोश

महिलाओं ने कहा- 200-300 रुपए का बिल अब पहुंच रहा 2 हजार तक; कांग्रेस नेता ने सरकार पर साधा निशाना

स्मार्ट मीटर के बढ़े बिलों से जनता परेशान, वोरा के सामने महिलाओं ने जताया आक्रोश

दुर्ग। शहर में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में कथित बढ़ोतरी को लेकर उपभोक्ताओं की नाराजगी बढ़ती जा रही है। शनिवार को वार्ड क्रमांक 34 और 35 में पहुंचे पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा के सामने स्थानीय महिलाओं ने बढ़े बिजली बिलों को लेकर अपनी परेशानी साझा की। महिलाओं ने स्मार्ट मीटर हटाने की मांग करते हुए कहा कि पहले जहां घरों में 200 से 300 रुपए तक बिजली बिल आता था, वहीं अब यह राशि बढ़कर 2 हजार रुपए या उससे अधिक हो गई है।

वार्डों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और नागरिक अरुण वोरा से मिले। उन्होंने बिजली बिलों में अचानक हुई बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। महिलाओं ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिलों ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। उनका आरोप है कि कई परिवारों को पहले की तुलना में चार से पांच गुना तक अधिक बिल का भुगतान करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार पहले ही महंगाई का सामना कर रहे हैं। ऐसे में बिजली के बढ़े बिलों ने उनकी आर्थिक परेशानी और बढ़ा दी है। महिलाओं ने वोरा से कहा कि सरकार स्मार्ट मीटर की व्यवस्था पर पुनर्विचार करे और उपभोक्ताओं को राहत दिलाए।

इस दौरान कुछ नागरिकों ने पीएम सूर्य घर योजना और निजी कंपनियों के सोलर पैनलों को बढ़ावा देने को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना अच्छी पहल है, लेकिन किसी भी उपभोक्ता पर इसे अपनाने के लिए अप्रत्यक्ष दबाव नहीं होना चाहिए। लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाते हुए जांच और पारदर्शिता की मांग की।

जनता की शिकायतें सुनने के बाद अरुण वोरा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों को लेकर आम उपभोक्ताओं में लगातार असंतोष है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें नजरअंदाज कर रही है।

वोरा ने कहा कि गरीब, मध्यमवर्गीय और आम उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ डालना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक ऊर्जा भविष्य की जरूरत है और सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, लेकिन इसे उपभोक्ताओं की पसंद के रूप में रखा जाना चाहिए। किसी भी योजना को लागू करते समय आम जनता की आर्थिक क्षमता और सुविधाओं का ध्यान रखना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों के मुद्दे पर पहले भी जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन जारी रखेगी। जब तक उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिलती, कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक उनकी आवाज उठाती रहेगी।

इस दौरान पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार साहू, पूर्व पार्षद कन्या धीमर, जगमोहन धीमर सहित कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।