ब्रेकिंग न्यूज : केमिकल फैक्ट्री में आग से मचा हड़कंप, ड्रम फटने से लगातार होते रहे धमाके

वेल्डिंग की चिंगारी से लगी आग ने दो टैंकरों को भी चपेट में लिया; काले धुएं से ढका आसमान, फोम से बुझाने की कोशिश

ब्रेकिंग न्यूज : केमिकल फैक्ट्री में आग से मचा हड़कंप, ड्रम फटने से लगातार होते रहे धमाके

भिलाई के औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार को केमिकल फैक्ट्री में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। श्री श्याम केमिकल फैक्ट्री में वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी के बाद आग भड़की और देखते ही देखते केमिकल से भरे 50 से अधिक ड्रम इसकी चपेट में आ गए। फैक्ट्री में खड़े दो टैंकर भी जल गए। आग के बीच ड्रमों में हो रहे धमाकों से आसपास का इलाका दहल उठा।

भिलाई।  घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े 10 से 11 बजे के बीच की बताई जा रही है। श्री श्याम केमिकल फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी से आग भड़कने की आशंका है। केमिकल की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही समय में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा लपटों में घिर गया।

फैक्ट्री परिसर में रखे 50 से ज्यादा ड्रम आग की चपेट में आने के बाद लगातार धमाकों की आवाज सुनाई देती रही। आशंका जताई गई कि तेज गर्मी के कारण केमिकल से भरे ड्रम फट रहे हैं। इस स्थिति में फैक्ट्री के अंदर जाकर आग बुझाना भी मुश्किल हो गया।

आग की चपेट में आकर केमिकल भरने आए दो टैंकर भी जल गए। घटना के बाद आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया, जो करीब 5 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। आसपास की औद्योगिक इकाइयों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई टीमें लगातार प्रयास करती रहीं। केमिकल में लगी आग होने के कारण पानी के बजाय फोम का इस्तेमाल किया गया। SDRF की टीम 15 डिब्बे फोम लेकर मौके पर पहुंची। फैक्ट्री में मौजूद फोम आग की वजह से खत्म हो जाने के बाद अतिरिक्त फोम की व्यवस्था की गई।

आग की लपटों के बीच जेसीबी की मदद से जले और प्रभावित ड्रमों को बाहर निकालने का काम भी किया गया। आसपास की कंपनियों ने पानी उपलब्ध कराकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। CISF की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयासों में मदद की।

घटना में कुछ मजदूरों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, लेकिन अधिकारियों की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने में जुटी हैं। आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद किया जाएगा।