राशन कार्डधारियों का चावल खरीदकर घर में भरता था आरोपी, 24 क्विंटल जब्त

राजीव नगर में पुलिस की दबिश से खुलासा; 60 बोरियों में मिला PDS का खाद्यान्न, युवक गिरफ्तार

राशन कार्डधारियों का चावल खरीदकर घर में भरता था आरोपी, 24 क्विंटल जब्त

राशन कार्डधारियों के लिए आवंटित सरकारी चावल की अवैध खरीदी और भंडारण के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। दुर्ग के राजीव नगर में एक मकान से 60 बोरियों में रखा 24 क्विंटल चावल बरामद किया गया। जांच में चावल सार्वजनिक वितरण प्रणाली का पाया गया। पुलिस ने मकान मालिक सोहन चेलक (23) को गिरफ्तार कर लिया है।

भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के राजीव नगर में सरकारी राशन की कालाबाजारी से जुड़ा मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग और पुलिस की कार्रवाई हुई। विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग राशन कार्डधारियों से सरकारी चावल खरीदकर उसे इकट्ठा कर रहे हैं। इसके बाद खाद्य निरीक्षक आशुतोष चंद्राकर ने 25 सितंबर को पुलिस को दस्तावेजों के साथ शिकायत दी।

पुलिस ने सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और सोहन चेलक के घर पर तलाशी ली। मकान में 60 बोरियां चावल से भरी मिलीं। सभी बोरियों में करीब 24 क्विंटल चावल था। बड़ी मात्रा में सरकारी खाद्यान्न मिलने के बाद पुलिस ने चावल के स्रोत की पड़ताल शुरू की।

बरामद चावल की पहचान के लिए नागरिक आपूर्ति निगम के तकनीकी सहायक से जांच कराई गई। जांच में पुष्टि हुई कि यह वही चावल है, जो सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से पात्र राशन कार्डधारियों को वितरित किया जाता है।

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी राशन कार्डधारियों से चावल खरीदकर उसे अपने घर में जमा करता था। इसके बाद चावल की आगे खरीदी-बिक्री या अदला-बदली किए जाने की आशंका है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है और यह भी जांच रही है कि सरकारी चावल की आपूर्ति आरोपी तक किस माध्यम से पहुंच रही थी।

पुलिस के अनुसार सोहन चेलक के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज है। वर्ष 2022 में पुलगांव थाने में अपराध क्रमांक 151/2022 दर्ज हुआ था। इसमें मारपीट और धमकी सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई थी। वर्तमान प्रकरण में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत कार्रवाई की गई है।