भिलाई महिला समाज के 69वें स्थापना दिवस पर संस्कृति और सम्मान का संगम

महात्मा गांधी कला मंदिर में आयोजित समारोह में रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां, सेक्टर-2 क्लब को मिली नलिनी श्रीवास्तव ट्रॉफी

भिलाईनगर। भिलाई महिला समाज के 69वें स्थापना दिवस समारोह में सांस्कृतिक उल्लास, सामाजिक प्रतिबद्धता और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम देखने को मिला। महात्मा गांधी कला मंदिर में आयोजित समारोह में विभिन्न क्लबों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया, जबकि उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित सदस्याओं और क्लबों ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

महात्मा गांधी कला मंदिर में आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भिलाई महिला महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य एवं प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. संध्या मदन मोहन उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भिलाई महिला समाज की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती छवि निगम ने की। समारोह में उपाध्यक्ष श्रीमती मोली चक्रवर्ती, श्रीमती केका सरकार, श्रीमती पूनम कुमार, श्रीमती स्मिता भास्कर, श्रीमती आभा सिंह, महासचिव श्रीमती सोनाली रथ, सहसचिव श्रीमती दीपान्विता पॉल, कोषाध्यक्ष श्रीमती शिखा जैन तथा सहकोषाध्यक्ष श्रीमती रीता तिवारी सहित बड़ी संख्या में सदस्याएं मौजूद रहीं।

मुख्य अतिथि डॉ. संध्या मदन मोहन ने अपने संबोधन में कहा कि भिलाई महिला समाज ने वर्षों से महिलाओं को प्रोत्साहन, अवसर और सशक्त मंच प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने संस्था की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे महिला उत्थान की प्रेरक संस्था बताया।

कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती छवि निगम ने कहा कि भिलाई महिला समाज का 69वां स्थापना दिवस लगभग सात दशकों की सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संस्था लगातार महिलाओं को जोड़ने, उनकी प्रतिभा को मंच देने और समाजोपयोगी गतिविधियों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।

समारोह का प्रमुख आकर्षण संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीमती नलिनी श्रीवास्तव की स्मृति में प्रतिवर्ष प्रदान की जाने वाली प्रतिष्ठित श्रीमती नलिनी श्रीवास्तव ट्रॉफी की घोषणा रही। इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सेक्टर-2 क्लब को यह सम्मान प्रदान किया गया, जबकि उल्लेखनीय एवं सराहनीय कार्यों के लिए सेक्टर-4 क्लब को विशेष सम्मान से नवाजा गया।

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय श्रीमती नलिनी श्रीवास्तव ने 4 अगस्त 1957 को 50 समर्पित सदस्याओं के साथ भिलाई महिला समाज की स्थापना कर इस संस्था की गौरवपूर्ण यात्रा की शुरुआत की थी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान समाज की विभिन्न इकाइयों एवं क्लबों ने शास्त्रीय नृत्य, लोकनृत्य, समूहगान और नृत्य-नाटिका की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के आरंभ में महासचिव श्रीमती सोनाली रथ ने संस्था का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बीते वर्ष की प्रमुख गतिविधियों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती आशा वरवाडे, श्रीमती रेशु जैन और श्रीमती रेनू जैन ने किया, जबकि कोषाध्यक्ष श्रीमती शिखा जैन ने आभार प्रदर्शन किया।