भिलाई नगर निगम को मिली नई कमान, आईएएस सुरूचि सिंह ने संभाला आयुक्त का पदभार

राज्य शासन के तबादला आदेश के बाद की ज्वाइनिंग, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया स्वागत; जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को बताया प्राथमिकता

भिलाई नगर निगम को मिली नई कमान, आईएएस सुरूचि सिंह ने संभाला आयुक्त का पदभार

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी सुरूचि सिंह ने सोमवार को नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। राजनांदगांव जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में अपनी सेवाएं देने के बाद अब उन्हें भिलाई नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदभार संभालने के साथ ही उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचाने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

भिलाई। राज्य शासन द्वारा हाल ही में किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी सुरूचि सिंह ने सोमवार को नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वे जिला पंचायत राजनांदगांव में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के पद पर कार्यरत थीं।

नगर निगम मुख्यालय पहुंचने पर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नई आयुक्त का आत्मीय स्वागत किया। पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने निगम में संचालित विकास कार्यों, अधोसंरचना परियोजनाओं तथा विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

पदभार संभालने के बाद आयुक्त सुरूचि सिंह ने कहा कि शासन की जनहित एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और सुगम बनाने के साथ-साथ विकास कार्यों में गति लाने पर विशेष जोर दिया।

गौरतलब है कि राज्य शासन ने हाल ही में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कई आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसी क्रम में सुरूचि सिंह को भिलाई नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण से नगर निगम की योजनाओं एवं विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।