"भूपेश के 'झूठासन' पर अरुण साव का 'सच प्रहार', मुंगेली में 363 करोड़ के विकास कार्यों का दावा"
- 20 माह में पीडब्ल्यूडी ने प्रदेश में 4492 करोड़ के 717 निर्माण कार्य स्वीकृत किए — डिप्टी सीएम
- मुंगेली में सिर्फ 0.5 किमी सड़क का दावा अफवाह, हकीकत में 82 कार्यों को मिली मंजूरी: साव
- भूपेश बघेल पर झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप, अरुण साव बोले – विकास की जगह भ्रम की राजनीति की
रायपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के "मुंगेली में महज आधा किलोमीटर सड़क की स्वीकृति" वाले दावे को सिरे से खारिज करते हुए कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने के बाद सिर्फ मुंगेली जिले में ही 363 करोड़ से अधिक की लागत के 82 विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। साव ने इसे भूपेश बघेल का 'झूठासन' करार देते हुए कहा कि कांग्रेस ने 5 वर्षों में ना के बराबर कार्य किए और अब उसी झूठ की सड़क पर राजनीति कर रही है।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज बिलासपुर में प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के एक हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। भूपेश ने दावा किया था कि पिछले वर्ष मुंगेली जिले में महज 0.5 किमी लंबी सड़क की स्वीकृति दी गई थी। इस पर पलटवार करते हुए साव ने कहा कि यह दावा पूरी तरह झूठा और भ्रामक है।
साव ने बताया कि दिसंबर 2023 में नई सरकार बनने के बाद से अब तक केवल मुंगेली जिले में ही 82 विकास कार्यों के लिए 363 करोड़ 16 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इनमें सड़कें, पुल और भवन निर्माण कार्य शामिल हैं।
उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “भूपेश बघेल ने 5 साल के कार्यकाल में विकास के नाम पर सिर्फ झूठ परोसा और अब उसी झूठ की सड़क पर राजनीति कर रहे हैं। लेकिन अब छत्तीसगढ़ में 'भूपेश का झूठासन' नहीं बल्कि 'विष्णु का सुशासन' चल रहा है।”
लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 20 महीनों (दिसंबर 2023 से जुलाई 2025) में पूरे प्रदेश में कुल 717 निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है, जिनकी कुल लागत 4492 करोड़ 53 लाख रुपए है। इनमें 617 सड़कें, 91 पुल और 9 भवन शामिल हैं।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में विभाग ने दिसंबर 2023 से मार्च 2024 तक 80 कार्यों के लिए 551 करोड़ 42 लाख रुपए की मंजूरी दी। इसके बाद 2024-25 में 438 कार्यों के लिए 2590 करोड़ रुपए और चालू वर्ष 2025-26 में अप्रैल से जुलाई तक 199 कार्यों के लिए 1350 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
साव ने अंत में स्पष्ट शब्दों में कहा, “कांग्रेस के झूठ की पोल अब खुल चुकी है। हमारी सरकार विकास के एजेंडे पर काम कर रही है और छत्तीसगढ़ को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।”
suntimes 