मजदूरी पर निकली महिला की हत्या का खुलासा, दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर पत्थर से कुचलकर मार डाला

पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले गए आरोपी, विरोध और पुलिस में शिकायत की चेतावनी मिलने पर की वारदात; सीसीटीवी व तकनीकी साक्ष्यों से 24 घंटे के भीतर दोनों गिरफ्तार

मजदूरी पर निकली महिला की हत्या का खुलासा, दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर पत्थर से कुचलकर मार डाला

पुलगांव थाना क्षेत्र में मजदूरी के लिए घर से निकली एक महिला की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दो युवकों ने महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर आरोपियों ने गला घोंटकर और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला अंधे कत्ल का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष गवाहों के आधार पर वारदात की पूरी कड़ी जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के मुताबिक मृतका भगवंतीन साहू 16 जुलाई को रोज की तरह मजदूरी करने घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट सिटी कोतवाली दुर्ग में दर्ज कराई। इसी दौरान पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। शव को जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवाया गया, जहां परिजनों ने उसकी पहचान भगवंतीन साहू के रूप में की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर, चेहरे और हाथों पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के साथ हत्या की पुष्टि होने पर पुलगांव थाना में प्रकरण दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की। तकनीकी विश्लेषण के दौरान हर्ष यादव (19) निवासी पीसेगांव और नितेश ठाकुर (20) निवासी चंदखुरी संदेह के घेरे में आए।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना के समय वे शराब के नशे में थे। तहसील कार्यालय के पास उनकी मुलाकात महिला से हुई, जिसके बाद पैसों का प्रलोभन देकर उसे पुलगांव नाला स्थित पुराने पुल के पास सुनसान इलाके में ले गए। वहां दोनों ने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी देने पर आरोपियों ने पहले गमछे से उसका गला घोंटा, फिर पास पड़े बड़े पत्थर से सिर और चेहरे पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने अपने पहने हुए कपड़े बदलकर छिपा दिए, ताकि साक्ष्य नष्ट किए जा सकें। हालांकि पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।