मनोहर मेडिकल के सामने खड़े इलेक्ट्रिक स्कूटर में लगी आग, दमकल ने समय रहते पाया काबू
भिलाई नगर थाना क्षेत्र की घटना, सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा
भिलाई के हॉस्पिटल सेक्टर स्थित मनोहर मेडिकल के सामने खड़े एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पानी का उपयोग कर आग पर काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी दुर्घटना टल गई।
भिलाई। भिलाई नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल सेक्टर में मनोहर मेडिकल के सामने खड़े एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि स्कूटर श्री सुरेश रत्नानी का था, जो मेडिकल के सामने खड़ा था। इसी दौरान वाहन से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
घटना की सूचना तुरंत दुर्ग अग्निशमन कार्यालय को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक दमकल टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जलते हुए स्कूटर पर पानी का उपयोग करते हुए आग को नियंत्रित किया। इस दौरान एक अग्निशमन वाहन के पानी का उपयोग किया गया।
अग्निशमन दल की तत्परता के कारण आग आसपास के अन्य वाहनों या दुकानों तक नहीं फैल सकी और संभावित बड़ी घटना टल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई में अग्निशमन दल प्रभारी महेंद्र चंदेल के नेतृत्व में कर्मचारी धर्मेंद्र, भीषम, शशांक, मनीष और अनंत कुमार शामिल रहे। टीम ने समय पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया, जिससे मौके पर किसी भी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ।
suntimes 