महादेव घाट बैराज के लिए बजट में 100 करोड़, पेयजल संकट से राहत की उम्मीद

गर्मियों में सूख जाने वाले इंटकवेल की समस्या का स्थायी समाधान संभव

महादेव घाट बैराज के लिए बजट में 100 करोड़, पेयजल संकट से राहत की उम्मीद

जगदलपुर। जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पांडेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा भवन स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। इस दौरान महादेव घाट बैराज परियोजना के लिए बजट में 100 करोड़ रुपए के प्रावधान को लेकर धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

महापौर ने कहा कि महादेव घाट पर बैराज बनने से जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को स्थायी मजबूती मिलेगी। साथ ही जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे शहर की बढ़ती आबादी और विकास की जरूरतों के अनुरूप पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।

उन्होंने बताया कि हर साल गर्मी के मौसम में महादेव घाट के पास स्थित इंटकवेल में पानी पूरी तरह खत्म हो जाता है, जिससे शहर की जलापूर्ति प्रभावित होती है। बैराज निर्माण से इस समस्या का स्थायी समाधान निकल सकेगा और सालभर पर्याप्त जल उपलब्ध रहेगा।

मुलाकात के दौरान बस्तर संभाग और जगदलपुर शहर के अन्य विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर क्षेत्र के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से भी भेंट कर बैराज परियोजना के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नगर निगम जगदलपुर के अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, सभापति निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, योगेंद्र पांडेय, राणा घोष, संग्राम सिंह राणा और रितेश सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।