20 हाथियों का झुंड गांव में घुसा: घर तोड़ा, धान की फसल रौंदी, ग्रामीणों में दहशत
कापू रेंज के फिटिंगपारा गांव में तड़के 4 बजे जंगल से भटके 20 हाथियों ने घर तोड़कर फसलों को नुकसान पहुंचाया, परिवार सुरक्षित निकला; वन विभाग कर रहा नुकसान का मूल्यांकन
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में शुक्रवार तड़के हाथियों का आतंक एक बार फिर सामने आया। करीब 20 हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर फिटिंगपारा गांव में घुस आया और खाने की तलाश में एक कच्चा मकान ढहा दिया। घर में सो रहे परिवार ने किसी तरह अंधेरे का सहारा लेकर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हाथियों ने गांव और आसपास के खेतों में रखी धान की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है।
रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे कापू रेंज के मिरीमुड़ा बीट के फिटिंगपारा गांव में हाथियों ने तबाही मचा दी। जानकारी के मुताबिक, जंगल में घूम रहा 20 हाथियों का बड़ा दल अचानक गांव की ओर बढ़ा और खाने की तलाश में कई घरों और खेतों की ओर रुख कर लिया।
इसी दौरान झुंड में शामिल दो हाथियों ने ग्रामीण रूचा यादव के कच्चे मकान की दीवार तोड़ दी। हादसे के वक्त पूरा परिवार घर में सो रहा था, लेकिन हाथियों की आहट सुनते ही सभी सदस्य तुरंत बाहर निकले और अंधेरे में सुरक्षित स्थान की ओर भागकर अपनी जान बचाई। परिवार के सदस्यों ने बताया कि अगर कुछ देर और होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इधर, खम्हार गांव के पूर्व सरपंच चिंतामणि राठिया के खेत में मिसाई के लिए रखी धान की फसल को हाथियों ने बुरी तरह रौंद दिया, जिससे पूरा संग्रह नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का दल लगातार गांव के आसपास मंडरा रहा था और तड़के अचानक हमला कर दिया।
हाथियों के गांव में घुसने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है। विभाग के मुताबिक, पूरे धरमजयगढ़ वन मंडल में अभी 31 हाथी मौजूद हैं—इनमें 17 नर, 9 मादा और 5 शावक शामिल हैं। जंगल में भोजन की कमी के चलते हाथी बार-बार गांवों की ओर आने लगे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन अधिकारियों ने कहा कि हाथियों को सुरक्षित दिशा में मोड़ने की कोशिश की जा रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
suntimes 