महिला मित्र के साथ घूम रहे युवक को घेरा, स्मृति नगर के गैरेज में घुसकर चाकू से किया हमला
पूर्व प्रेमी और उसके साथियों पर तीन लोगों से मारपीट व मोबाइल लूटने का आरोप, गैरेज संचालक और भाई ने बचाने की कोशिश की तो उन्हें भी बनाया निशाना; 6 गिरफ्तार
दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र के स्मृति नगर में आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक को अपनी पूर्व प्रेमिका के साथ दूसरे युवक को देखना इतना नागवार गुजरा कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसका पीछा किया और कार गैरेज में घुसकर हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को कार से बाहर निकालकर चाकू और डंडों से बेरहमी से पीटा। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे गैरेज संचालक और उसके भाई को भी चोटें आईं। हमले में कुल तीन लोग घायल हुए हैं। वारदात के बाद आरोपी युवक का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुरानी रंजिश के चलते बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, नागेंद्र सोमंकर की पूर्व प्रेमिका सारांश सिंह के साथ घूम रही थी। दोनों को एक साथ देखने के बाद नागेंद्र ने अपने साथी अजय ठाकुर सहित अन्य युवकों के साथ मिलकर सारांश का पीछा करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी दो दिनों से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह पुरानी रंजिश बताई गई है।
पीछा करते हुए कार गैरेज तक पहुंचे हमलावर
खतरे को भांपकर सारांश अपनी महिला मित्र के साथ कारफाई कार गैरेज में पहुंच गया। उसे लगा कि गैरेज में जाकर हमलावरों से बचा जा सकता है, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए। इसके बाद गैरेज परिसर में जमकर विवाद हुआ। आरोपियों ने सारांश को कार से खींचा और धारदार हथियार तथा डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गैरेज में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
संचालक और उसके भाई पर भी बरसाए वार
सारांश को बचाने के लिए गैरेज संचालक आनंद शर्मा और उनके भाई मनीष शर्मा आगे आए। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और धारदार हथियार से वार कर दिया। तीनों घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया। मनीष शर्मा को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
वारदात के बाद मोबाइल लेकर हुए फरार
हमलावर मारपीट करने के बाद सारांश का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। गैरेज में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस ने फुटेज को जांच में शामिल कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की कार्रवाई में छह आरोपी गिरफ्तार
स्मृति नगर पुलिस चौकी में 9 नवंबर को कृष्णा शर्मा की शिकायत पर मामला सामने आया। शिकायत के अनुसार, रात लगभग 12 बजे नागेंद्र सोमंकर अपने साथियों के साथ गैरेज पहुंचा और गाली-गलौज के बाद हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 309 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
suntimes 