जेल से छूटे बदमाश ने हमाल पर किया चाकू से हमला, पुलिस ने आरोपियों का निकाला जुलूस

छावनी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर वारदात, तीन आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में जेल से छूटकर आए एक बदमाश ने पुरानी रंजिश के चलते फल मंडी में काम करने वाले युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन युवकों को गिरफ्तार कर इलाके में जुलूस निकाला और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। यहां पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका इलाके में जुलूस निकाला।

पुलिस के अनुसार सूर्या नगर कैम्प-2 निवासी हेमराज निषाद उर्फ प्रिंस पावर हाउस फल मंडी में हमाली का काम करता है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले नंदनी रोड पर उसकी बाइक शाहरूख खान की बाइक से टकरा गई थी। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और शाहरूख ने युवक को गाली-गलौज करते हुए धमकी दी थी।

सोमवार रात करीब 10:30 बजे हेमराज मंडी में काम खत्म कर अपने साथी के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान मंडी के बाहर पहले से घात लगाए बैठे शाहरूख खान ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया। आरोपियों ने पहले मारपीट की और फिर धारदार नुकीले हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक की बाईं पसली के पास चोट आई।

घटना की शिकायत मिलते ही छावनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शाहरूख खान समेत तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों का मोहल्ले में जुलूस निकालते हुए चौक पर उठक-बैठक भी करवाई। बाद में तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर मामले की जांच कर रही है।