आपराधिक जानकारी छुपाना पड़ा भारी, समोदा सरपंच अरुण गौतम बर्खास्त
हाई कोर्ट के निर्देश के बाद SDM दुर्ग की कार्रवाई, ग्राम पंचायत में जल्द होंगे उपचुनाव
दुर्ग। जिले के चर्चित ग्राम पंचायत समोदा के सरपंच अरुण गौतम को आखिरकार पद गंवाना पड़ा। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद एसडीएम दुर्ग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सरपंच पद से बर्खास्त कर दिया है। प्रशासन ने छत्तीसगढ़ पंचायत अधिनियम की धारा 122 के तहत यह आदेश जारी किया है। इसके साथ ही पंचायत में नए सरपंच के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दे दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार अरुण गौतम ने पंचायत चुनाव के दौरान नामांकन दाखिल करते समय शपथ पत्र में अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी छुपाई थी। मामले की शिकायत और दस्तावेजों की जांच के बाद यह तथ्य सामने आया कि वे जेवरा सिरसा चौकी में निगरानीशुदा बदमाश के रूप में दर्ज हैं। उनके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के साथ-साथ अतिक्रमण की शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं।
अरुण गौतम पहले भी विवादों में रह चुके हैं। दबंगई और आपराधिक गतिविधियों को लेकर उनका नाम कई बार चर्चा में आया था। कुछ समय पहले उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था, जिसके बाद मामला और सुर्खियों में आ गया था।
ग्राम समोदा पहले ही प्रदेशभर में चर्चा का केंद्र बन चुका है। गांव में अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। अब सरपंच की बर्खास्तगी के बाद एक बार फिर समोदा सुर्खियों में है।
एसडीएम दुर्ग ने पंचायत सचिव और संबंधित अधिकारियों को उपचुनाव की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब ग्राम पंचायत समोदा को नया जनप्रतिनिधि मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
suntimes 