दुर्ग में पुलिस का व्यापक सर्च अभियान: प्रवासी मजदूरों और किरायेदारों की चल रही तस्दीक

भिलाई छावनी क्षेत्र के 200 से अधिक घरों में 100 पुलिसकर्मियों की दबिश, संदिग्धों की हो रही जांच

दुर्ग जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए विशेष सर्च अभियान चलाया है। यह कार्रवाई विशेष रूप से उन प्रवासी मजदूरों और किरायेदारों पर केंद्रित है जो अन्य राज्यों से आकर क्षेत्र में निवास कर रहे हैं।

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अपराधों की बढ़ती घटनाओं के मद्देनज़र पुलिस अब सक्रिय मोड में है। अपराध पर लगाम कसने और बाहरी तत्वों की पहचान के लिए दुर्ग पुलिस ने एक विशेष सर्च अभियान की शुरुआत की है। इस क्रम में शनिवार को भिलाई छावनी के शारदा पारा बस्ती में 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए करीब 200 घरों में जांच-पड़ताल की।

सर्च ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य था कि बाहरी राज्यों से आकर रहने वाले सभी प्रवासी मजदूरों और किरायेदारों का डाटा पुलिस के पास उपलब्ध हो। जानकारी के अनुसार कई बार अपराधी दूसरे राज्यों में अपराध करके छुपने के लिए दुर्ग जैसे शांत क्षेत्रों में मजदूर बनकर रहने लगते हैं और फिर यहां भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो जाते हैं।

दुर्ग पुलिस द्वारा जारी इस विशेष अभियान में पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, बिहार, झारखंड समेत सीमावर्ती राज्यों से आए लोगों की तस्दीक की गई। पुलिस ने लगभग 150 से अधिक लोगों से पूछताछ की और उनके दस्तावेजों की स्कैनिंग कर वैधता की जांच की। जिन लोगों के दस्तावेज संदिग्ध पाए गए, उन्हें कड़ी पूछताछ के लिए अलग रखा गया है।

पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की नियमित जांच से न सिर्फ अपराधियों की पहचान होगी, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था भी सुदृढ़ बनी रहेगी। आने वाले दिनों में जिले के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के सघन सर्च ऑपरेशन चलाए जाने की योजना है।