कुम्हारी में खाली प्लॉट से अज्ञात शव बरामद, इलाके में फैली दहशत

झाड़ियों में पड़ा मिला शव, जेब से उड़ीसा के केसिंगा स्टेशन की टिकट बरामद

कुम्हारी में खाली प्लॉट से अज्ञात शव बरामद, इलाके में फैली दहशत

दुर्ग जिले के कुम्हारी क्षेत्र में एक खाली प्लॉट की झाड़ियों में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में देखा तो शव पड़ा मिला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।

दुर्ग। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक खाली प्लॉट की झाड़ियों में अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, प्लॉट के आसपास पिछले कुछ समय से तेज बदबू आ रही थी। संदेह होने पर आसपास के लोगों ने झाड़ियों के पास जाकर देखा तो एक शव पड़ा मिला।

घटना की सूचना तत्काल कुम्हारी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

जांच के दौरान मृतक की जेब से ट्रेन की एक टिकट बरामद हुई है, जो ओडिशा के केसिंगा रेलवे स्टेशन की बताई जा रही है। इसके अलावा शव के पास से एक इंजेक्शन भी मिला है। प्रारंभिक जांच में अत्यधिक नशीले पदार्थ के सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।