युवक की संदिग्ध मौत: टावर से गिरकर गई जान, पारिवारिक दबाव की आशंका

नंदिनी नगर क्षेत्र में घटना, गाड़ी दुर्घटना के बाद मानसिक तनाव में था युवक

युवक की संदिग्ध मौत: टावर से गिरकर गई जान, पारिवारिक दबाव की आशंका

दुर्ग-भिलाई। जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीएसपी अस्पताल के पीछे स्थित टाउनशिप इलाके में सोमवार सुबह एक युवक की टावर से गिरने से मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आकाश चंद्रिकापुरे (21) निवासी स्ट्रीट नंबर-3, नंदिनी नगर टाउनशिप के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक टावर से गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि घटना से एक दिन पहले युवक कार चला रहा था, इसी दौरान वाहन दीवार से टकरा गया था, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के बाद से युवक मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।

घटना के समय युवक के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। वे नागपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे। परिजनों के अनुसार, युवक अपने माता-पिता की प्रतिक्रिया को लेकर चिंतित था।

फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन नागपुर से दुर्ग के लिए रवाना हो गए हैं। आसपास के लोग और पड़ोसी मौके पर मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि युवक एक निजी संस्थान में माइनिंग की पढ़ाई कर रहा था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था।