डबल पैसे और आसान लोन का लालच, महिला ने ठगे 10 लाख से ज्यादा

पद्मनाभपुर पुलिस की कार्रवाई, दो मामलों में आरोपी गिरफ्तार; पहले भी दर्ज है धोखाधड़ी का केस

डबल पैसे और आसान लोन का लालच, महिला ने ठगे 10 लाख से ज्यादा

दुर्ग-भिलाई। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में ठगी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर 10 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल को दर्ज शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की गई, जिसमें रायपुर नाका निवासी लक्ष्मी टांडी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों को कम समय में पैसा दोगुना करने और आसान तरीके से लोन दिलाने का झांसा देकर रकम वसूलती थी।

पहले मामले में आरोपी ने सारपल्ली निवासी एक व्यक्ति को 6 महीने में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। इस झांसे में आकर पीड़ित ने करीब 3 लाख रुपए नगद और 7 लाख रुपए विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो पैसा लौटाया और न ही संपर्क में रही।

वहीं दूसरे मामले में एक महिला से लोन दिलाने के नाम पर ठगी की गई। आरोपी ने लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाकर 10 हजार रुपए ऑनलाइन और 50 हजार रुपए नगद वसूले, लेकिन बाद में कोई लोन नहीं दिलाया गया।

ठगी का अहसास होने पर दोनों पीड़ितों ने पद्मनाभपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज की और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

जांच के दौरान कई बैंक खातों और लेनदेन से जुड़े सुराग मिले हैं, जिनकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में सुपेला थाना में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो चुका है। इसके बावजूद वह लोगों को लालच देकर ठगी की वारदात को अंजाम देती रही।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।