भिलाई मार्केट में अग्नि सुरक्षा पर जागरूकता अभियान, दुकानदारों को दिया गया प्रशिक्षण

अग्निशमन सप्ताह के तहत फायर व SDRF टीम का डेमो; आपात स्थिति में बचाव और आग बुझाने के तरीके समझाए

 अग्निशमन दिवस सप्ताह के तहत दुर्ग जिले में फायर सेफ्टी को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पावर हाउस स्थित जवाहर मार्केट में दुकानदारों को आगजनी से बचाव और आपातकालीन स्थिति से निपटने के तरीकों की जानकारी दी गई।

 भिलाई। दुर्ग जिले में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग द्वारा अग्निशमन सप्ताह के अवसर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भिलाई के पावर हाउस स्थित जवाहर मार्केट में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें व्यापारियों और स्थानीय लोगों को आग से सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन सहित व्यापारी संघ के सदस्य मौजूद रहे। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने आगजनी की घटनाओं से बचाव और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

 डेमो के जरिए समझाए बचाव के तरीके

फायर ब्रिगेड और SDRF टीम ने मौके पर डेमो के माध्यम से दुकानदारों को अग्निशामक यंत्र के उपयोग की विधि सिखाई। साथ ही बताया गया कि बाजार क्षेत्र में आग लगने की स्थिति में खुद को सुरक्षित रखते हुए किस तरह बाहर निकला जाए और शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास कैसे किया जाए।

  सुरक्षा के लिए जरूरी निर्देश

अधिकारियों ने दुकानदारों को कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। इनमें बाजार क्षेत्र में अग्निशमन वाहनों के लिए रास्ता खाली रखने, दुकान बंद करते समय मुख्य बिजली स्विच बंद करने और ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई।

  सुरक्षित समाज की दिशा में पहल

अधिकारियों ने कहा कि “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज” ही आगजनी की घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभा सकता है। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से आम लोगों में सतर्कता बढ़ेगी और हादसों को कम किया जा सकेगा।