मिनीमाता की पुण्यतिथि पर अरुण वोरा व आर.एन. वर्मा ने अर्पित की श्रद्धांजलि
सामाजिक न्याय और महिला सशक्तिकरण के लिए मिनीमाता के योगदान को किया याद, उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
दुर्ग। छत्तीसगढ़ की महान समाजसेवी एवं महिला सशक्तिकरण की प्रखर आवाज मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा एवं आर.एन. वर्मा ने समाजजनों के साथ उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मिनीमाता के सामाजिक सरोकारों, संघर्ष और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों को स्मरण किया।
मिनीमाता जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा एवं आर.एन. वर्मा ने समाजजनों के साथ मिनीमाता जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अरुण वोरा ने कहा कि मिनीमाता जी का संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता और मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज के वंचित, गरीब और जरूरतमंद वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया तथा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए निरंतर कार्य किया। सामाजिक कुरीतियों एवं भेदभाव के विरुद्ध उनके संघर्ष ने समाज को नई दिशा देने का काम किया।
वक्ताओं ने कहा कि मिनीमाता जी केवल एक जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की सशक्त प्रेरणा थीं। उनका जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण की मिसाल है। आज भी उनके विचार समाज को समानता, सम्मान और सामाजिक समरसता की राह दिखाते हैं।
कार्यक्रम में फतेह सिंह भाटिया, अजय गुप्ता, विवेक मिश्रा, त्रिशरण डोंगरे, सुरेन्द्र राजपूत, अजयराज शर्मा, श्रद्धा सोनी एवं वार्ड पार्षद अश्वनी निषाद सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे। सभी ने मिनीमाता जी के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर उपस्थितजनों ने उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए विनम्र नमन किया।
suntimes 