मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपा रखा था 440 किलो गांजा, लावाकेरा बैरियर पर दो तस्कर गिरफ्तार
उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे नशे की खेप, मिनी ट्रक समेत 2.40 करोड़ रुपए की जप्ती
जशपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की भारी खेप पकड़ी है। लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर जांच के दौरान एक टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.63 किलो गांजा बरामद किया गया। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गांजे को मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था। मामले में उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर वाहनों की जांच के दौरान टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में मिर्ची की बोरियों के नीचे संदिग्ध सामग्री छिपी दिखाई दी। बोरियों को हटाकर तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में गांजे के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने गांजे को कब्जे में लेकर वजन कराया, जो कुल 440.63 किलो निकला। इसे 440 अलग-अलग पैकेटों में रखा गया था।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांजा उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने मामले में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए की जप्ती की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम मुंडेरा, थाना धूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप उड़ीसा में कहां से खरीदी गई थी और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। मामले में तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी सामने आ सकती है।
suntimes 