भट्ठी में धधक उठा 415 किलो गांजा, रोड रोलर ने कुचली 637 नशीली दवाइयां

रायगढ़ में 16 NDPS प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण, 2.08 करोड़ रुपए की सामग्री का हुआ निपटारा

भट्ठी में धधक उठा 415 किलो गांजा, रोड रोलर ने कुचली 637 नशीली दवाइयां

रायगढ़। पुलिस की कार्रवाई में जब्त किए गए मादक पदार्थों को अब नष्ट कर दिया गया है। रायगढ़ जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों के 16 NDPS मामलों में जब्त 415.991 किलो गांजा, तीन गांजा पौधे और 637 प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का शुक्रवार को नियमानुसार नष्टीकरण किया गया। पूरी जब्ती की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 8 लाख 26 हजार 399 रुपए है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति ने यह कार्रवाई की। एसएसपी शशि मोहन सिंह की अध्यक्षता में समिति की निगरानी में जब्त सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।

गांजा आग के हवाले, दवाइयां मशीन से चकनाचूर

जामगांव स्थित MSP स्टील एंड पॉवर लिमिटेड के प्लांट में 415.991 किलो गांजा और तीन गांजा पौधों को भट्ठी में डालकर नष्ट किया गया। वहीं, अलग-अलग मामलों में जब्त 108 नशीले सिरप और 529 टैबलेट-कैप्सूल समेत 637 नशीली दवाइयों को बुलडोजर और रोड रोलर से कुचल दिया गया। नष्ट किए गए अवशेषों को गड्ढे में दबाया गया।

जब्त सामग्री के निपटारे की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामलों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार की जाती है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थानों में लंबित जब्त सामग्री का निपटारा किया गया।

एक साल में दूसरी बड़ी कार्रवाई

रायगढ़ में पिछले साल भी NDPS मामलों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया था। उस दौरान 25 मामलों से 503.531 किलो गांजा और दो गांजा पौधे जब्त सामग्री के रूप में नष्ट किए गए थे। इस बार 415.991 किलो गांजा और 637 नशीली दवाइयों का निपटारा किया गया।