शराब घोटाले में बड़ा एक्शन: केड़िया डिस्टलरी के डायरेक्टर नवीन केडिया गोवा से गिरफ्तार
झारखंड ACB की कार्रवाई, 243.72 करोड़ के कमीशन और सिंडिकेट से जुड़े हैं आरोप
झारखंड और छत्तीसगढ़ से जुड़े बहुचर्चित शराब घोटाले में जांच एजेंसी को बड़ी कामयाबी मिली है। छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी और केड़िया डिस्टलरी के डायरेक्टर नवीन केडिया को झारखंड एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गोवा से गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे केडिया पर करोड़ों रुपये के अवैध कमीशन और शराब सिंडिकेट से जुड़े होने के गंभीर आरोप हैं।
रायपुर/ शराब घोटाले की जांच तेज करते हुए झारखंड ACB ने छत्तीसगढ़ के बड़े शराब कारोबारी नवीन केडिया को गोवा से दबोच लिया है। नवीन केडिया केड़िया डिस्टलरी का संचालक है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज है। एसीबी ने उसके खिलाफ पहले ही गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखा था, लेकिन वह लंबे समय से जांच एजेंसी की पकड़ से बाहर था।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर गोवा से रांची लाने की तैयारी कर रही है। रांची पहुंचने के बाद उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान शराब घोटाले से जुड़े नेटवर्क, अधिकारियों की भूमिका और करोड़ों रुपये के लेनदेन की परतें खुलेंगी।
जांच में सामने आया है कि छत्तीसगढ़ में हुए शराब घोटाले में भी नवीन केडिया की अहम भूमिका रही है। आरोप है कि उसने शराब की सप्लाई के बदले सिंडिकेट और संबंधित अधिकारियों को करीब 243.72 करोड़ रुपये का कमीशन दिया। यह पूरा मामला उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के तत्कालीन प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे के कार्यकाल से जुड़ा बताया जा रहा है।
जमानत याचिका से पहले दबोचा गया आरोपी
गिरफ्तारी से बचने के लिए नवीन केडिया ने अदालत में जमानत याचिका दाखिल कर रखी थी, लेकिन सुनवाई से पहले ही एसीबी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी के अनुसार, मई 2022 में लागू नई उत्पाद नीति के दौरान छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारियों और प्लेसमेंट एजेंसियों को झारखंड में काम दिए गए थे।
आरोप है कि इसके बदले इन कारोबारियों और एजेंसियों से मोटी कमीशन राशि वसूली गई और उन्हें झारखंड में शराब कारोबार से जुड़े ठेके और जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नवीन केडिया को भी पूर्व प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे का करीबी माना जाता है।
झारखंड शराब घोटाले में छठी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि 13 अक्टूबर 2025 के बाद यह इस मामले में छठी गिरफ्तारी है। इससे पहले एसीबी ने अहमदाबाद से प्लेसमेंट एजेंसी विजन हॉस्पिटालिटी सर्विसेज एंड कंसल्टेंट्स से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद बिलासपुर से शराब कारोबारी राजेंद्र जायसवाल उर्फ चुन्नू जायसवाल और ठाणे से प्लेसमेंट एजेंसी मेसर्स मार्शन के निदेशक जगन तुकाराम देसाई को पकड़ा गया था।
नवीन केडिया की गिरफ्तारी के बाद एसीबी की जांच और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। जांच एजेंसी का कहना है कि आने वाले दिनों में इस घोटाले में और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
suntimes 