रायपुर समेत कई जिलों में बदलेगा मौसम, भीषण गर्मी के तेज हवा और बारिश की संभावना, IMD का अलर्ट जारी

रायपुर समेत कई जिलों में बदलेगा मौसम, भीषण गर्मी के तेज हवा और बारिश की संभावना, IMD का अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार को तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। हालांकि मौसम विभाग ने रविवार को भी कई क्षेत्रों में खराब मौसम बने रहने की संभावना जताई है।

तेज अंधड़ और बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं, जबकि देर रात कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। कई क्षेत्रों में घंटों तक अंधेरा छाया रहा।

बारिश और तेज हवाओं से बदला मौसम

शनिवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और गरज-चमक की स्थिति बनी रही। मौसम में अचानक आए बदलाव से तापमान में थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन कई जगहों पर तेज अंधड़ ने जनजीवन प्रभावित किया।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही कुछ इलाकों में वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

कई इलाकों में गिरे पेड़, बिजली व्यवस्था प्रभावित

तेज हवाओं और अंधड़ के कारण कई जिलों में पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं। कुछ इलाकों में बिजली तार और पोल प्रभावित होने से देर रात तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। लोगों को उमस और गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन तेज हवाओं के कारण आवागमन और बिजली व्यवस्था पर असर देखने को मिला।

राजनांदगांव सबसे गर्म, जगदलपुर सबसे ठंडा

प्रदेश में शनिवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि हल्की बढ़ोतरी संभव है। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार प्रदेश में मौसम परिवर्तन के पीछे सक्रिय मौसमी सिस्टम जिम्मेदार हैं।

उन्होंने बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। एक द्रोणिका पूर्वी राजस्थान से पूर्वी झारखंड तक छत्तीसगढ़ होते हुए गुजर रही है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाएं, हल्की बारिश और बिजली गिरने जैसी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।

आकाशीय बिजली और अंधड़ का अलर्ट

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर खुले क्षेत्रों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने को कहा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और वनोपज संग्रहण में लगे लोगों को भी मौसम की जानकारी लेकर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

रायपुर में आज फिर बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।

गर्मी से राहत, लेकिन सतर्क रहने की जरूरत

लगातार बदल रहे मौसम ने लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत जरूर दी है, लेकिन तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की जरूरत है।