रायपुर-नागपुर हाईवे पर भीषण हादसा, बोलेरो सवार 9 लोगों की मौत
भंडारा में बोलेरो-आयशर की भिड़ंत में 9 की मौत; 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल, 14 घायल, 2 जेसीबी से निकाले गए वाहन में फंसे लोग
कबीरधाम। पोला उत्सव में शामिल होने नागपुर जा रहे छत्तीसगढ़ के लोगों का सफर महाराष्ट्र के भंडारा में दर्दनाक हादसे में बदल गया। शुक्रवार तड़के NH-53 पर बोलेरो और आयशर वाहन की जोरदार टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। हादसे में 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज भंडारा और नागपुर के अस्पतालों में कराया जा रहा है।
बोलेरो में छत्तीसगढ़ के 22 लोग सवार थे। वे नागपुर की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 3:31 बजे मुंडीपार के पास साकोली-लाखनी मार्ग पर पेट्रोल पंप से हाईवे की ओर आ रहे आयशर वाहन से बोलेरो की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन में सवार कई लोग अंदर फंस गए।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। बोलेरो आयशर वाहन में फंस गई थी, जिसे निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। बचाव दल ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार आठ लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई गई है, इसलिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए नागपुर भेजने की व्यवस्था की गई।
तेज रफ्तार और लापरवाही की जांच
लाखनी पुलिस के अनुसार आयशर वाहन क्रमांक UP72 BT7974 पेट्रोल पंप से निकलकर NH-53 पर आ रहा था। वहीं महिंद्रा बोलेरो क्रमांक MH49 U9810 साकोली से लाखनी की तरफ जा रही थी। मुंडीपार के पास दोनों वाहनों के बीच टक्कर हुई।
आयशर वाहन को अमर सिंह रामदुलारे यादव (37), निवासी प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश चला रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में आयशर चालक द्वारा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच जारी है।
मृतकों के परिवार को 5 लाख, घायलों को 50 हजार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के लिए 5-5 लाख रुपए की सहायता राशि की घोषणा की है। घायलों को 50-50 हजार रुपए देने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन की टीम भंडारा पहुंचकर महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रही है। घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
नागपुर में इलाज की विशेष व्यवस्था
गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नागपुर में भी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। शासन की टीम घायलों की स्थिति और उपचार की लगातार जानकारी ले रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी हादसे पर संवेदना जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति दुख व्यक्त किया। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
महाराष्ट्र में हुआ यह हादसा छत्तीसगढ़ के उन परिवारों के लिए बड़ा आघात है, जिनके परिजन पोला उत्सव में शामिल होने के लिए यात्रा पर निकले थे।
suntimes 