19 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, पेड़ पर लटका मिला शव
रायपुर में मिस्त्री का काम कर रहा था और एक दिन पहले ही घर लौटा था। शाम को घर में खाना खाने के बाद वह बाहर निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
अकलतरा नगर के इंद्रजीत सिंह महाविद्यालय के पीछे एक 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रूपेश चौहान (पिता– शेखर चौहान) के रूप में हुई है, जो कॉलेज के पास ही निवास करता था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रूपेश चौहान का शव सोमवार सुबह महाविद्यालय के बगल एक पेड़ पर लटका हुआ मिला। सुबह करीब छह बजे मोहल्ले के लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की मां ने बताया कि रूपेश पिछले तीन महीनों से रायपुर में मिस्त्री का काम कर रहा था और एक दिन पहले ही घर लौटा था। शाम को घर में खाना खाने के बाद वह बाहर निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। सुबह उसकी मौत की खबर मिली। परिजनों के अनुसार, रूपेश के पिता लंबे समय से बीमार रहते हैं। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं, जिनमें रूपेश दोनों भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत से परिवार पर गहरा भावनात्मक संकट आ गया है।
अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक के बारे में यह भी जानकारी मिली है कि वह नशे का आदी था। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
suntimes 