मौदहापारा संडे बाजार में अतिक्रमण पर कार्रवाई, सड़क घेरकर बैठे 40 फेरीवाले हटाए गए
जयराम कॉम्प्लेक्स के पीछे की गलियों में लग रही थीं अनधिकृत दुकानें, प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
रायपुर। शहर के व्यस्त मौदहापारा संडे बाजार क्षेत्र में रविवार को अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। मुख्य मार्ग और आसपास की गलियों में सड़क घेरकर दुकान लगाने वाले लगभग 40 फेरीवालों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि भविष्य में तय स्थान के अलावा कहीं भी ठेला या दुकान नहीं लगाई जाएगी।
प्रशासन के अनुसार जयराम कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित दो गलियों में कई फेरीवाले लंबे समय से सड़क पर कब्जा कर कारोबार कर रहे थे। इससे क्षेत्र में लगातार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती थी और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार समझाइश देने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने पर प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।
अभियान के दौरान फेरीवालों को अपनी वैध फोटो पहचान पत्र मौदहापारा थाना में जमा कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही उन्हें नगर निगम जोन-2 कार्यालय या निगम मुख्यालय में संपर्क कर संडे बाजार में नियमानुसार स्थान आवंटन के लिए आवेदन करने की सलाह दी गई।
यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर की गई। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और यातायात एसपी अजय कुमार के मार्गदर्शन में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया।
अभियान में नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन-2 आयुक्त संतोष पांडेय, कार्यपालन अभियंता पी.डी. धृतलहरे, आशुतोष सिंह सहित नगर निगम, यातायात पुलिस और मौदहापारा थाना की टीम मौजूद रही।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केके रोड पर मौदहापारा मस्जिद से महावीर गौशाला तक के बीच सफेद लाइन के अंदर ही संडे बाजार लगाने की अनुमति है। निर्धारित स्थान के बाहर दुकान लगाने वालों पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
अतिक्रमण हटने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पहले से बेहतर हो गई है और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिली है।
suntimes 