रायपुर में बेबीलोन होटल के कब्जे पर चला बुलडोजर........नाली बंद कर बनवाया था किचन-लेबर क्वार्टर

रायपुर नगर निगम ने बुधवार को वीआईपी रोड स्थित बेबीलोन इंटरनेशनल होटल के अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलवाया। होटल मालिक ने करीब 5000 वर्ग फीट जगह को भरकर नाले पर अवैध कब्जा कर रखा था। जिसे निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर ढहा दिया है।
जोन-9 कमिश्नर संतोष पांडेय ने बताया कि नाले पर कब्जा कर होटल का किचन, लेबर क्वॉर्टर और चिलर प्लांट बनाया गया था। जिसे तोड़ दिया गया है। होटल संचालक पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। होटल संचालक ने नाले को भरकर अवैध निर्माण किया था। पक्की नाली को बंद कर पानी निकासी के लिए बगल से नाली बनाया था। बेबीलोन के पीछे विधायक कॉलोनी है। नाले के उफान मारने पर पूरा गंदा पानी विधायक कॉलोनी में घुस जाता था। इसी अवैध निर्माण के कारण बारिश में विधायक कॉलोनी में जलभराव की समस्या होती थी।
शहर के बड़े होटल होने के कारण विधायक कॉलोनी के रहवासियों की शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही थी। इसमें कार्रवाई के नाम पर सिर्फ नोटिस जारी किया जाता था। लेकिन बीजेपी की विष्णुदेव सरकार आने के बाद होटल प्रबंधक के अवैध कब्जे कर बुलडोजर की कार्रवाई की गई है। लोकसभा चुनाव होने के बाद रायपुर में लगातार नगर निगम अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। सड़क और नालियों के किनारे दुकान लगाने वालों पर भी एक्शन जारी है। अधिकारियों की टीम अलग-अगल क्षेत्र में जाकर निरीक्षण कर रही है।