वर्ल्डकप फाइनल में भिड़ेंगे स्पेन और अर्जेंटीना, लियोनल मेसी ने बताया क्यों होगा खास मुकाबला

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इतिहास रचा जाएगा। डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना का मुकाबला स्पेन से होगा। लियोनल मेसी ने इंग्लैंड को हराने के बाद स्पेन की चुनौती पर बड़ा बयान दिया है। जानिए कब और कहां होगा यह महामुकाबला।

वर्ल्डकप फाइनल में भिड़ेंगे स्पेन और अर्जेंटीना, लियोनल मेसी ने बताया क्यों होगा खास मुकाबला

फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार एक ऐसा फाइनल होने जा रहा है, जहां मौजूदा कोपा अमेरिका चैंपियन और डिफेंडिंग यूरोपियन चैंपियन आमने-सामने होंगे। अर्जेंटीना ने बुधवार रात अटलांटा में खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। एक समय जब इंग्लैंड ने पहला गोल दागा, तो स्पेन बनाम अर्जेंटीना फाइनल की उम्मीदें टूटने लगी थीं, लेकिन कप्तान लियोनल मेसी के जादुई खेल ने मैच का पासा पलट दिया।

मेसी के शानदार खेल की बदौलत अर्जेंटीना ने मैच में वापसी की। उन्होंने दो बेहतरीन असिस्ट किए, जिन्हें एन्जो फर्नांडीज और लाउतरो मार्टिनेज ने गोल में बदल दिया। इस जीत के साथ मेसी अपने करियर के रिकॉर्ड तीसरे वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंच गए हैं। फाइनल में उनका सामना स्पेन से होगा। यह मेसी के वर्ल्ड कप करियर में पहला मौका होगा जब वह स्पेन के खिलाफ खेलेंगे, वही स्पेन जिसने पिछले दो दशकों में उनके खेल को तराशा है।

स्पेन को लेकर क्या बोले मेसी?

इंग्लैंड पर जीत के बाद मेसी ने स्पेन के खेलने के अनोखे अंदाज की तारीफ की। बार्सिलोना के पूर्व दिग्गज ने कहा कि वह आज भी स्पेनिश फुटबॉल को बहुत करीब से देखते हैं क्योंकि उन्होंने अपने क्लब करियर का एक बड़ा हिस्सा इसी सिस्टम में बिताया है। लियोनल मेसी ने कहा, 'स्पेन एक बेहतरीन टीम है जिसके पास शानदार खिलाड़ी और खेलने का एक अलग स्टाइल है। मैं इस टीम को बहुत अच्छी तरह से जानता हूं। उनके कई खिलाड़ी बार्सिलोना के लिए खेलते हैं, जिसे मैं आज भी फॉलो करता हूं। यह एक बहुत ही खास और कांटे का मुकाबला होगा।'

अर्जेंटीना का लगातार पांचवां फाइनल

इस पूरे टूर्नामेंट में स्पेन का डिफेंस बेहद मजबूत रहा है और उन्होंने सिर्फ एक गोल खाया है। स्पेन ने पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर 16 साल में पहली बार फाइनल में जगह बनाई है। मेसी ने अर्जेंटीना के इस शानदार सफर पर भी बात की। 2019 कोपा अमेरिका में ब्राजील से हारने के बाद से अर्जेंटीना का यह सभी प्रतियोगिताओं में पांचवां फाइनल है। मेसी ने कहा, 'हमारी टीम जो कर रही है वह कमाल है। हम पिछले चार सालों से दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम रहे हैं। लोग चाहे कुछ भी कहें, इस टीम ने साबित किया है कि मैदान पर कोई भी आपको जीत खैरात में नहीं देता।'

गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे मेसी

39 साल के लियोनल मेसी 8 गोल और 4 असिस्ट के साथ इस समय गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले एक साल से इस वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहे थे और इसके लिए उन्होंने अर्जेंटीना में सुबह-शाम कड़ी मेहनत की है। यह महामुकाबला रविवार को ईस्ट रदरफोर्ड के मेटलाइफ स्टेडियम (MetLife Stadium) में खेला जाएगा, जहां इतिहास रचने के लिए दोनों टीमें पूरी जान लगा देंगी।