आज टूट जाएगा विराट कोहली का महा-रिकॉर्ड? शुभमन गिल और साई सुदर्शन के निशाने पर आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर
IPL 2026 का फाइनल मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाना है। इस खिताबी जंग में गुजरात के ओपनर शुभमन गिल और साई सुदर्शन के पास इतिहास रचने का मौका है। दोनों बल्लेबाज विराट कोहली के एक ऐसे रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब हैं, जिसे उन्होंने पिछले साल मिस कर दिया था।
शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अपनी बल्लेबाजी से तबाही मचा रखी है। गुजरात टाइटंस (GT) की यह ओपनिंग जोड़ी अब आईपीएल इतिहास के पन्नों में अपना नाम हमेशा के लिए दर्ज कराने की कगार पर खड़ी है। आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ होने वाले फाइनल मैच में इस जोड़ी के पास आईपीएल की ऑल-टाइम नंबर-1 जोड़ी बनने का सुनहरा मौका है।
इतिहास रचने से 54 रन दूर हैं…
इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शुभमन गिल दूसरे और साई सुदर्शन तीसरे नंबर पर हैं। दोनों ही बल्लेबाज 700 से अधिक रन बना चुके हैं और इन्हीं के दम पर गुजरात फाइनल तक पहुंची है। अब इतिहास रचने के लिए इस जोड़ी को सिर्फ 54 रनों की जरूरत है। अगर आज फाइनल में गिल और सुदर्शन के बीच 54 रनों की पार्टनरशिप हो जाती है, तो वे एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा पार्टनरशिप रन बनाने वाली जोड़ी बन जाएंगे।
कोहली के रिकॉर्ड पर पैनी नजर
फिलहाल एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा पार्टनरशिप रन बनाने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से विराट कोहली के नाम है। कोहली ने साल 2023 में फाफ डु प्लेसी के साथ और साल 2016 में एबी डी विलीयर्स के साथ 939-939 रन जोड़े थे।
शुभमन गिल और साई सुदर्शन इस रिकॉर्ड के मामले में पहले भी एक बड़ा जख्म खा चुके हैं। आईपीएल 2025 में इस जोड़ी ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 912 रन बनाए थे, लेकिन तब वे कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए थे। इस सीजन में यह जोड़ी अब तक 886 रन बना चुकी है और इस बार वे कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे।
एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा पार्टनरशिप रन
939 रन - कोहली / डुप्लेसिस (2023)
939 रन - कोहली / एबी डी विलियर्स (2016)
912 रन - गिल / सुदर्शन (2025)
886 रन - शुभमन गिल / साई सुदर्शन (2026)*
आज होने वाले इस महामुकाबले में दोनों टीमें अपना दूसरा आईपीएल खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। आरसीबी ने पिछले सीजन में ही अपना पहला खिताब जीता था, जबकि गुजरात 2022 में चैंपियन बनी थी। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार के पास आज अपना टाइटल डिफेंड कर रोहित शर्मा और एमएस धोनी के खास क्लब में शामिल होने का भी एक बड़ा मौका होगा।
suntimes 