शराबबंदी के सवाल पर साव बोले- घोषणापत्र का इंतजार:बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को नशे का गढ़ बनाया, नकली शराब बेची जा रही

शराबबंदी के सवाल पर साव बोले- घोषणापत्र का इंतजार:बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को नशे का गढ़ बनाया, नकली शराब बेची जा रही

जैसे जैसे विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, प्रदेश में शराब बंदी का मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में कांग्रेस को झूठा बताने वाली भाजपा खुद ये नहीं कह पा रही है कि अगर उनकी सरकार बनी तो वे शराबबंदी करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव से जब ये सवाल पूछा गया तो उन्होंने इस पर कुछ भी बोलने से साफ मना कर दिया।

जब भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र आएगा उसके बाद इसको स्पष्ट करेंगे। साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा शराबबंदी का वादा कर छत्तीसगढ़ को नशे का गढ़ बना दिया। युवाओं के भविष्य को चौपट कर दिया गया। पैसे के लिए सरकार नकली शराब बेच रही है।'

केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे से कार्यकर्ताओं में आएगी नई ऊर्जा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दुर्ग प्रवास के बारे में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 9 साल पूरे हुए हैं। इस अवसर पर देश भर में 51 बड़ी सभाएं करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में दुर्ग में 22 जून को अमित शाह की विशाल आम जनसभा है। तैयारियां जोरों से चल रही हैं। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। निश्चित रूप से दुर्ग में अमित शाह की सभा ऐतिहासिक होगी। इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी।

दुर्ग जिले में नहीं कोई गुटबाजी, सभी एक ताकत से करेंगे काम

दुर्ग जिले में भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेताओं की गुटबाजी के सवाल पर साव ने कहा कि यहां किसी तरह की कोई गुटबाजी नहीं है। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी को मजबूती प्रदान करने में लगे हुए हैं। पार्टी भिलाई कार्यालय में उद्घाटन कार्यक्रम में पूर्व विधायक सांवला राम डाहिरे का नाम नहीं देकर उन्हें उपेक्षित किया गया। इस सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। ये सबका कार्यालय है। सांवला राम खुद कार्यक्रम में आए हुए हैं। ऐसी कोई बात नहीं है।

दुर्ग संभाग की 20 में सिर्फ दो सीट भाजपा के पास

दुर्ग संभाग में किला फतह करने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि जिस प्रकार से भूपेश बघेल की सरकार ने हर वर्ग को ठगने का काम किया। धोखा देने का काम किया है। आज छत्तीसगढ़ को पूरे देश में शर्मसार कराने का काम प्रदेश सरकार कर रही है। लगातार घोटाले हो रहे हैं। भ्रष्टाचार के आगे विकास के सारे काम ठप हैं। जिस प्रकार से अपराध बढ़ा है। लोगों की तकलीफ बढ़ी है। पीएससी का घोटाला हो गया। ऐसी करप्ट सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जनता तैयार है। आने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को बहुमत मिलेगा और उसकी पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी।