सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत, दो गंभीर:तेज रफ्तार बोरेलो ने मारी टक्कर

सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत, दो गंभीर:तेज रफ्तार बोरेलो ने मारी टक्कर

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में धमधा नाका मोर्चा पॉइंट पर एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दिया। इस दुर्घटना में बाइक चालक दुर्गेश यादव की मौके पर मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद गुस्साए बड़ी संख्या में लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर धमधा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। पुलिस व जिला प्रशासन की समझाइश के बाद लोगों ने कई घंटे बाद चक्का जाम खोला। धमधा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शांति नगर निवासी दुर्गेश यादव पिता नारद यादव (25 साल) अपनी बाइक CG 07 BZ 4431 से दुर्ग से धमधा की ओर जा रहे थे। बाइक में तीन लोग सवार थे। वो लोग जैसे ही देर रात 11-12 बजे के करीब दुर्ग धमधा नाका चौकी के पास पहुंचे एक अज्ञात बोलेरो चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दुर्गेश की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे शीतलेश और मनीष यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें वेंटिलेटर में रखा गया है।

बताया जा रहा है कि मनीष को अधिक चोटें आई हैं। पुलिस ने शव को दुर्ग जिला अस्पताल मरचुरी भिजवाया और रात में किसी तरह माहौल को शांत कराया। अगले दिन सोमवार सुबह दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहल्ले को लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। उन लोगों ने मृतक के परिवार को 50 लाख और घायलों को 25-25 लाख रुपए मुआवजे की मांग की। लोगों ने इस दौरान विधायक और जिला प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। नयाब तहसीलदार ख्याति नेताम ने लोगों को समझाने की कोशिश की।