सुपेला फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे बना वर्टिकल गार्डन उजड़ा....बारिश में भी सूखे पौधे, एक महीने पहले एजेंसी को 16 लाख में मिला टेंडर

दुर्ग जिले में स्थित सुपेला फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे बना वर्टिकल गार्डन उजड़ गया है। इसकी देखरेख के लिए भिलाई नगर निगम ने 16 लाख रुपए का टेंडर जारी कर एजेंसी नियुक्त की है। बावजूद इसके एजेंसी संचालक इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है न ही निगम इस पर एक्शन ले रहा है।
दरअसल नगर पालिक निगम भिलाई के मुख्य कार्यालय के ठीक सामने फ्लाईओवर के नीचे हरियाली और सुंदरता बढ़ाने के लिए वर्टिकल गार्डन बनाया गया है। यह वर्टिकल गार्डन एक महीने के अंदर ही बर्बाद हो गया है। जब बारिश के मौसम में पौधे सूखने लगे हैं, तो बारिश के बाद क्या हाल होगा। नगर निगम आयुक्त और महापौर सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारी-पदाधिकारी इस रास्ते से होकर निगम कार्यालय जाते हैं। गाड़ी में बैठे बैठे यहां के सूखते पौधों को देखते तो हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
भिलाई महापौर नीरज पाल का कहना है कि गार्डन की देखरेख की जिम्मेदारी फ्लाईओवर ब्रिज बनाने वाली एजेंसी की है। उसकी लापरवाही से ये हुआ है। वो इस संबंध में उनसे बात करेंगे। भिलाई में कई जगहों पर वर्टिकल गार्डन तैयार किया है। सभी जगह का यही हाल है। सेक्टर-5 तिराहे पर बने आई लव भिलाई वाले वर्टिकल गार्डन में प्लास्टिक के पौधे लगा दिए गए हैं। पहले यहां भी नेचुरल पौधे लगाए गए थे, लेकिन वो भी सूख गए।
पौधे सूख कर हो गए खराब
योजना के मुताबिक सुपेला थाने से लेकर चंद्रा मौर्या तक फ्लाईओवर ब्रिज के पिलर में वर्टिकल गार्डन बनाना था। इसे करीब 8 पिलरों में लगाया जाना था। इसमें 7500 पौधे लगाए जाने थे। वहीं पर बने अन्य गार्डन में कुछ पौधे हरे हैं, तो काफी सूख गए हैं।