सुबह धधक उठी टायर दुकान, बाहर रखे टायर राख; दुकानदार बोला- किसी ने लगाई आग

महाराणा प्रताप चौक के पास घटना से मची हलचल, लोगों ने संभाला मोर्चा; करीब एक लाख रुपए के नुकसान का दावा

सुबह धधक उठी टायर दुकान, बाहर रखे टायर राख; दुकानदार बोला- किसी ने लगाई आग

कोरबा। शहर के महाराणा प्रताप चौक के पास शनिवार सुबह एक टायर दुकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की शुरुआत दुकान के बाहर रखे टायरों से हुई और कुछ ही देर में लपटें दुकान के अंदर तक पहुंच गईं। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में मदद की। आग में बड़ी मात्रा में टायर और अन्य सामान जल गया। दुकान संचालक ने आग की घटना को संदिग्ध बताते हुए किसी असामाजिक तत्व के शामिल होने की आशंका जताई है।

सीएसईबी चौकी क्षेत्र में मोहम्मद नौशाद की अब्दुल्ला टायर दुकान है। शनिवार सुबह एक स्थानीय व्यक्ति ने फोन पर उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना दी। नौशाद जब मौके पर पहुंचे तो दुकान के बाहर रखे टायर आग की लपटों से घिरे हुए थे। आग बढ़ते-बढ़ते दुकान के अंदर तक पहुंच चुकी थी।

आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाने की कोशिश शुरू की। किसी ने पानी की व्यवस्था की तो कुछ लोग आग को दूसरी दुकानों की ओर फैलने से रोकने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात रही कि आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंची।

टायर और अन्य सामान जला

आग से दुकान के बाहर रखे टायरों के साथ अन्य सामान भी जल गया। दुकान संचालक ने नुकसान करीब एक लाख रुपए बताया है। घटना के दौरान दुकान के आसपास काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। आग की लपटों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

रात में नशेड़ियों के घूमने का आरोप

दुकानदार ने बताया कि क्षेत्र में रात के समय कुछ लोग नशे की हालत में घूमते रहते हैं। इसी आधार पर उन्होंने किसी असामाजिक तत्व द्वारा जानबूझकर आग लगाने की आशंका जताई है। हालांकि, उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम नहीं बताया है।

कारण की जांच में जुटी पुलिस

आग कैसे लगी, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है। दुकानदार ने सीएसईबी चौकी पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने और घटना की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही आग लगने के कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा।