सेजबहार में नाला बना मुसीबत, घरों में घुसा गंदा पानी
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी फेस-1 के कई हिस्से जलमग्न; रास्तों पर पानी, सफाई नहीं होने से बढ़ा मच्छरों का खतरा
रायपुर। बारिश के बाद सेजबहार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी फेस-1 में रहना और घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। जल निकासी की व्यवस्था चरमराने से नाले का गंदा पानी कॉलोनी के अंदर फैल गया है और कई घरों तक पहुंच गया। जगह-जगह पानी जमा होने के कारण रहवासी परेशान हैं।
कॉलोनी के कई हिस्सों में सड़क और घरों के आसपास पानी भरा हुआ है। लोगों के मुताबिक गंदा पानी लंबे समय तक जमा रहने से बदबू के साथ मच्छरों की संख्या भी बढ़ रही है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रमण फैलने की आशंका को लेकर रहवासी चिंतित हैं।
सफाई के अभाव में जाम हो रही पानी की राह
रहवासियों का आरोप है कि कॉलोनी की नालियों की समय पर सफाई नहीं होती। कचरा और गंदगी जमा होने के कारण पानी के बहाव का रास्ता बाधित हो जाता है। तेज बारिश होते ही नालियां ओवरफ्लो होने लगती हैं और पानी कॉलोनी की सड़कों से होते हुए घरों तक पहुंच जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह समस्या पहली बार नहीं आई है। बारिश के मौसम में हर साल कॉलोनी के अलग-अलग हिस्सों में जलभराव होता है, लेकिन स्थायी ड्रेनेज समाधान अब तक नहीं किया गया।
बोले रहवासी- हर बार बारिश में यही हाल
कॉलोनीवासियों का कहना है कि पानी निकालने की अस्थायी व्यवस्था करने के बजाय समस्या की जड़ पर काम किया जाना चाहिए। नालियों की सफाई के साथ पानी की निकासी के लिए पर्याप्त क्षमता वाली व्यवस्था जरूरी है।
रहवासियों ने हाउसिंग बोर्ड के जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने, नालियों से कचरा हटाने और जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने की मांग की है। लोगों ने भविष्य में बारिश के दौरान ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने की भी मांग की है।
suntimes 