स्थापना दिवस पर सजेगा नवा रायपुर, तीन दिन तक छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास का उत्सव
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ है इस बार की थीम, पलक-अभिजीत की गायकी और राज्य अलंकरण समारोह पर रहेंगी निगाहें
रायपुर। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। कार्यक्रमों के जरिए महिला सशक्तीकरण, युवाओं की भूमिका और प्रदेश की विकास यात्रा को प्रमुखता दी जाएगी। बॉलीवुड गायकों पलक और अभिजीत की प्रस्तुतियां समारोह में संगीत का रंग भरेंगी। वहीं, विभिन्न राज्यों से पहुंचे कारीगरों द्वारा सजाया गया आयोजन स्थल भी आकर्षण बढ़ाएगा।
सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे विभागीय स्टॉल
आयोजन स्थल पर 26 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इससे लोगों को प्रदेश में संचालित योजनाओं और सरकारी पहलों के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।
भीड़ प्रबंधन के लिए छह मार्ग तय
राज्योत्सव में संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने छह मार्गों से आवागमन की योजना बनाई है। लगभग 40 हजार वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की गई है। आयोजन स्थल में प्रवेश के लिए दो द्वार निर्धारित किए गए हैं। पुलिस और जिला प्रशासन यातायात व्यवस्था पर नजर रखेंगे, ताकि दर्शकों को आने-जाने में परेशानी न हो।
स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
आयोजन स्थल पर 300 शौचालयों के साथ 20 बिस्तरों का अस्पताल, आईसीयू और 25 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। अग्निशमन वाहनों को भी तैनात किया जाएगा। बिजली, पेयजल, साफ-सफाई और रोशनी के इंतजाम किए गए हैं। दर्शकों के बैठने के लिए विशाल डोम बनाया गया है और कार्यक्रमों को दूर तक दिखाने के लिए करीब 60 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।
उद्घाटन में मनसुख मंडाविया, समापन में अमित शाह
तीन दिवसीय आयोजन के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया के शामिल होने का कार्यक्रम है। समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। अंतिम दिन 41 राज्य अलंकरण एवं पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
suntimes 