48 घंटे में आग की दो बड़ी घटनाएं, कार राख हुई तो मालगाड़ी की बोगी में भी भड़की लपटें

दुर्ग में विश्वविद्यालय के पास खड़ी कार जलकर खाक, रसमड़ा स्टेशन पर कोयले से लदी मालगाड़ी में लगी आग; दमकल की तत्परता से टले बड़े हादसे

48 घंटे में आग की दो बड़ी घटनाएं, कार राख हुई तो मालगाड़ी की बोगी में भी भड़की लपटें

दुर्ग-भिलाई। जिले में आगजनी की दो घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। सोमवार को हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के समीप एक कार में अचानक आग लग गई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। वहीं रविवार को रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर खड़ी कोयले से लदी मालगाड़ी की एक बोगी में आग लगने से अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। दोनों मामलों में दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया।

कार में स्पार्किंग के बाद धधकी आग

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 9 बजे कार मालिक राहुल प्रधान अपनी कार (सीजी-07-बीबी-0531) को विश्वविद्यालय के पास खड़ा कर फोटो कॉपी कराने गए थे। कुछ देर बाद लौटकर जैसे ही उन्होंने वाहन स्टार्ट किया, कार के अंदर अचानक स्पार्किंग हुई और धुआं निकलने लगा।

देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि स्थानीय लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हालांकि राहुल प्रधान समय रहते कार से बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।

मालगाड़ी की बोगी में उठीं आग की लपटें

इससे एक दिन पहले रविवार को रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर खड़ी कोयले से लदी मालगाड़ी की एक बोगी में अचानक आग लग गई। सुबह करीब 11:55 बजे बोगी से तेज लपटें और धुआं उठता देख रेलवे कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

मौके पर पहुंची दमकल टीम ने पाया कि आग तेजी से फैल रही है और आसपास खड़ी अन्य बोगियों तक पहुंचने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया और उसे अन्य डिब्बों तक फैलने से रोक दिया गया। अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं के बीच प्रशासन ने लोगों से वाहनों की नियमित जांच कराने और विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।