संविधान बचाओ' सभा में गरजे बघेल: केंद्र पर लगाए संविधान से खिलवाड़ के आरोप

भिलाई के कला मंदिर में कांग्रेस की जनसभा, भूपेश बघेल बोले - लोकतंत्र को कमजोर कर रही है केंद्र सरकार, एजेंसियों का हो रहा दुरुपयोग

भिलाई के सेक्टर-6 स्थित कला मंदिर में कांग्रेस पार्टी ने 'संविधान बचाओ' सभा का आयोजन किया। इस सभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सभा का उद्देश्य संविधान की मूल भावना की रक्षा, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता बनाए रखने और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना था।

भिलाई। सेक्टर-6 स्थित कला मंदिर में कांग्रेस पार्टी द्वारा 'संविधान बचाओ' सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस जनसभा में कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित थे। सभा का मुख्य उद्देश्य था देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनमत तैयार करना।

अपने संबोधन में बघेल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार संविधान की आत्मा से लगातार छेड़छाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद और विधानसभाओं में विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है, और न्यायपालिका, चुनाव आयोग एवं अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर भी दबाव बनाया जा रहा है।

भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं, कारोबारियों और उद्यमियों को डराने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल की आलोचना करते हैं, उन्हें यह भी देखना चाहिए कि उस समय गरीबों के हित में कई अहम फैसले लिए गए थे और लोकतंत्र की बहाली के लिए चुनाव कराए गए थे।

आज की स्थिति यह है कि मीडिया तक सरकार के खिलाफ बोलने से हिचकती है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और सामाजिक समानता के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया।