AI से बना दीं 1000 अश्लील तस्वीरें: IIIT रायपुर की छात्राएं रो पड़ीं, आरोपी बोला—‘प्लेजर के लिए किया’

क्लासमेट सैय्यद रहीम अदनान ने 36 छात्राओं की तस्वीरों को मॉर्फ कर बनाया अश्लील कंटेंट, पुलिस ने लैपटॉप और मोबाइल से बरामद कीं फाइलें; कैंपस में दहशत और खामोशी का माहौल

AI से बना दीं 1000 अश्लील तस्वीरें: IIIT रायपुर की छात्राएं रो पड़ीं, आरोपी बोला—‘प्लेजर के लिए किया’

रायपुर के IIIT कैंपस में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन विभाग के छात्र सैय्यद रहीम अदनान ने अपने ही क्लासमेट्स — 36 छात्राओं और कुछ छात्रों — की तस्वीरों को AI तकनीक से अश्लील रूप में मॉर्फ कर डाला। लैपटॉप से 1000 से ज्यादा फोटो फाइलें बरामद होने के बाद कैंपस में डर, गुस्सा और अविश्वास का माहौल है।

रायपुर। नवा रायपुर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) का माहौल इन दिनों सन्नाटे में है। जहां कभी ग्रुप प्रोजेक्ट्स और कैंपस एक्टिविटी की गूंज सुनाई देती थी, वहीं अब भय और अविश्वास की खामोशी पसरी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि संस्थान के ECE विभाग के छात्र सैय्यद रहीम अदनान ने अपनी ही कक्षा की 36 छात्राओं और कुछ लड़कों की तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से अश्लील रूप दे दिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने यह सब “प्लेजर के लिए किया।”

 लैपटॉप से मिला सबूतों का जाल

पुलिस ने आरोपी के लैपटॉप और मोबाइल से 1000 से अधिक मॉर्फ की गई तस्वीरें बरामद की हैं। इनमें कई ग्रुप फोटोज को एडिट कर बनाया गया अश्लील कंटेंट भी शामिल है। जिन छात्राओं की अलग तस्वीरें नहीं मिलीं, उनकी फोटो ग्रुप शॉट्स से काटकर बनाई गई थी।

 फोटो देखकर फूट-फूटकर रोईं छात्राएं

क्लासमेट्स ने तब मामला पकड़ा जब एक छात्र ने रहीम के लैपटॉप में संदिग्ध फाइलें देखीं। जब छात्राओं ने खुद वो तस्वीरें देखीं तो कई रो पड़ीं, कांप गईं, और कुछ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर दिए।
कॉलेज प्रशासन को जानकारी मिलते ही फैकल्टी और हॉस्टल सुपरिंटेंडेंट मौके पर पहुंचे और आरोपी का लैपटॉप जब्त किया।

  कैंपस में डर और अविश्वास का माहौल

घटना के बाद IIIT प्रशासन ने डिजिटल एथिक्स पॉलिसी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साइकोलॉजिस्ट और लीगल एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है, ताकि छात्रों के मानसिक तनाव को कम किया जा सके।
हालांकि छात्राओं का कहना है कि “अब हर कैमरा और ग्रुप फोटो हमें डराता है। हमें नहीं पता, कौन भरोसे लायक है।”

  क्लासमेट की कहानी

एक छात्र ने बताया, “हम सब प्रोजेक्ट में साथ थे। रहीम पर भरोसा था, लेकिन जब लैपटॉप से वो फाइलें मिलीं, हम सन्न रह गए। कुछ लड़कियों की फोटो सोशल मीडिया से ली गईं, बाकी की ग्रुप फोटो से।”
उसने कहा, “अब लड़कियां बात करने से कतराती हैं। हमें खुद शर्म आती है कि ये सब हमारे ही बीच हुआ।”

 कानूनी कार्रवाई जारी

रायपुर पुलिस ने आरोपी छात्र को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। जांच में तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराध आईटी एक्ट और महिला सुरक्षा कानूनों के तहत गंभीर अपराध माने जाते हैं।

 IIIT प्रशासन सख्त कदम की तैयारी में

संस्थान प्रशासन ने कहा है कि इस घटना ने “डिजिटल व्यवहार की सीमाओं और जिम्मेदारी” पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। अब संस्थान में AI उपयोग से जुड़ी नई आचार संहिता लागू की जाएगी।