BJP Leader Murder Case: भाजपा नेता समेत 3 की हत्या करने वालों का निकला जुलूस, बोले- अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है,
रेत खनन और परिवहन को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद के बीच भाजपा नेता व उसके 2 साथियों की भाजपा नेता ने ही अपने परिवार के सदस्यों व साथियों के साथ मिलकर की थी हत्या
अंबिकापुर/बैकुंठपुर। कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नौगई में रेत खनन-परिवहन के विवाद में 16 जून की रात खूनी खेल खेला गया था। इसमें कोरिया जिले के प्रभावशाली भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, उनके चचेरे भाई नागेंद्र सिंह व बिरेंंद्र सिंह की कार के भीतर जलाकर और फरसे से वार कर हत्या (BJP leader murder) कर दी गई थी। जबकि 2 लोगों का अभी भी गंभीर हालत में रायपुर में इलाज जारी है। इधर पुलिस ने 4 आरोपियों को हत्याकांड के तत्काल बाद गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत अन्य 5 नामजद आरोपी फरार थे। 20 जून को सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। शनिवार की देर शाम पुलिस ने पकड़े गए पांचों आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी कहते रहे कि अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है।
दरअसल हत्याकांड (Triple murder case) के बाद फरार मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी के अलावा आशुतोष त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी, अमन त्रिपाठी और गौरव त्रिपाठी की पुलिस खोजबीन कर रही थी। एमसीबी एसपी रत्ना सिंह का कहना है कि इनमें से गौरव त्रिपाठी को छोडक़र शेष 4 आरोपियों ने मनेंद्रगढ़ थाने में सरेंडर कर दिया, जबकि 5वें आरोपी गौरव त्रिपाठी को खडग़वां क्षेत्र से दबोचा गया।
इसके बाद आगे की जांच के लिए आरोपियों को कोरिया पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसे लेकर भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर लोग सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना था कि पुलिस ने जनकपुर क्षेत्र के कोटाडोल स्थित एक घर से चारों आरोपियों को गिरफ्तार (BJP leader murder accused arrested) किया है, लेकिन पता नहीं क्यों, उन्हें सरेंडर करना दिखाया जा रहा है।
वहीं हत्याकांड के कुछ घंटे के भीतर ही पुलिस ने 4 आरोपियों अक्षत त्रिपाठी, सत्यकुमार त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी और महेंद्र त्रिपाठी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब तक पुलिस ने सभी 9 नामजद आरोपियों को पकड़ लिया है।
पुलिस ने आरोपियों का निकाला जुलूस
20 जून की शाम पुलिस ने भाजपा नेता समेत 3 की हत्या में शामिल मुख्य आरोपी भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी समेत पांचों आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी यह कहते रहे कि अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है। इस दौरान आरोपियों को देखने सडक़ों पर लोगों को हुजूम उमड़ा रहा।
इसके पूर्व पुलिस पर यह आरोप लग रहे थे कि जब आरोपियों को पकड़ लिया गया है तो उनका चेहरा सभी को क्यों नहीं दिखाया जा रहा है। इसके बाद शाम को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ यह एक्शन लिया।
BJP leader murder to burnt in car: ये था मामला
रेत खनन और परिवहन को लेकर कोरिया जिले के 2 भाजपा नेताओं के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक पक्ष में भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह तो दूसरे पक्ष में मनोज त्रिपाठी थे। भरत सिंह जहां बैकुंठपुर विधायक भइयालाल के तो मनोज त्रिपाठी भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह (Murder accused relation with MLA) के करीबी थे।
इसी बीच 16 जून की रात करीब 12 बजे मनोज त्रिपाठी ने समझौते के लिए उनके घर के पास कार से गए भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, नागेंद्र सिंह, बिरेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह और मयंक सिंह पर धारदार हथियारों से हमला कर लिया। आरोपियों ने पहले टिपर वाहन से कार को टक्कर मारी और वाहन अड़ाकर उनका मार्ग अवरुद्ध कर दिया।
इसके बाद कार में पेट्रोल छिडक़ कर आग लगा दी। इसमें कार के भीतर ही भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की जलकर मौत हो गई थी, जबकि फरसे के प्रहार से बिरेंद्र सिंह और 80 प्रतिशत तक कार में ही जल जाने (BJP leader burnt in car) से शिक्षक नागेंद्र सिंह की मौत हो गई थी। जबकि योगेंद्र सिंह और मयंक सिंह जीवन-मौत के बीच रायपुर के अस्पताल में संघर्ष कर रहे हैं।
suntimes 