छत्तीसगढ़ में ISI का एजेंट गिरफ्तार, पाकिस्तान को भेज रहा था सूचना, जांजगीर पुलिस ने दबोचा
अकलतरा के जेएसडब्ल्यू प्लांट में काम करने वाला शख्स आईएसआई एजेंट निकला। आईबी और जिला पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई कर संदिग्ध एजेंट को गिरफ्तार किया है..
जांजगीर चांपा जिले के अकलतरा में आईएसआई एजेंट सेवक पिता बलविंदर सिंह (26) को आईबी और जिला पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। वह जेएसडब्ल्यू प्लांट में काम की तलाश में पहुंचा था और काम भी शुरू कर दिया था। मूलत: वह पंजाब का रहने का वाला है। प्लांट के काम करने के बहाने पाकिस्तानी सेना की जासूसी कर रहा था। जिसे आईबी ने स्थानीय पुलिस की मदद से उसे किराए के घर से गिरफ्तार किया है। रिमांड पर भेजने की तैयारी चल रही है।
जेएसडब्यू प्लांट में कर रहा था काम
आरोपी की पहचान आईएसआई एजेंट सेवक पिता बलविंदर सिंह (26) के रूप में हुई है। आईएसआई एजेंट का जीजा लंबे समय से जेएसडब्यू प्लांट में काम कर रहा है। खुफिया जानकारी के आधार पर आईबी ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संदिग्ध पर गोपनीय तरीके से नजर रखी। पुख्ता सबूत जुटाने के बाद उसे अकलतरा स्थित उसके किराए के घर से दबोचा गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान स्थित आईएसआई समर्थित गैंग से जुड़े व्यक्तियों के संपर्क में था। जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न माध्यमों जैसे वॉट्सऐप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के जरिए विदेशी नंबरों और संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार संपर्क में था।
किरायेदार सत्यापन से खुला भेद
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित राजीव केडिया के मकान में अन्य प्रदेशों के कई व्यक्ति किराए पर रह रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किरायेदारों का सत्यापन किया। इसी दौरान सेवक सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वयं को पाकिस्तान सीमा क्षेत्र के समीप का निवासी बताया, किंतु उसके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें सामने आया कि वह पाकिस्तान, सऊदी अरब, मैक्सिको के नंबर से आईएसआई के संपर्क में था।
राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गतिविधियां देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करने वाली प्रतीत होती हैं। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। फिलहाल पूरे नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और संभावित सहयोगियों की पहचान के लिए मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां विभिन्न डिजिटल साक्ष्यों और विदेशी संपर्कों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई हैं।
मोबाइल से मिले महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य
पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कथित रूप से वॉट्रस चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर फोरेंसिक जांच हेतु भेजा गया है, ताकि संपर्कों और गतिविधियों की विस्तृत पड़ताल की जा सके।
हथियार मिलने के बाद टारगेट किलिंग की थी साजिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराए जाने की योजना थी। हथियार मिलने के बाद उसे पाकिस्तान स्थित संचालकों द्वारा दिए गए लक्ष्यों पर हमला करने अथवा टारगेट किलिंग जैसे कार्य सौंपे जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इन तथ्यों की पुष्टि विस्तृत विवेचना एवं फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
एसपी विजय कुमार पांडे ने बताया कि मामले की सूचना पर आईबी व स्थानीय पुलिस संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अभी गोपनीय सूचना को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।
suntimes 